अध्यात्मखबर

अयोध्या में दीपोत्सव : महर्षि वशिष्ठ की भूमिका में नजर आएंगे गृहमंत्री अमित शाह, करेंगे रामलला का राजतिलक

रामनगरी अयोध्या एक बार फिर त्रेतायुग की दिव्य आभा को साकार करने की तैयारी में है। दीपों की कतारों के बीच इस बार दीपोत्सव का एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। सात नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह महर्षि वशिष्ठ की भूमिका में भगवान श्रीराम का राजतिलक करेंगे। अब तक यह परंपरा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निभाते रहे हैं, लेकिन इस बार गृहमंत्री रामलला और माता सीता का राजतिलक कर उनकी आरती उतारेंगे। आयोजन को त्रेतायुगीन स्वरूप देने के लिए पुष्पक विमान के प्रतीक हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों को लाने की तैयारी है।
दीपोत्सव की आभा केवल राम की पैड़ी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरी अयोध्या दीपों और रोशनी के उजास में नहाएगी। राम की पैड़ी के आसपास के भवनों को एक रंग में सजाया जा रहा है। सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभों से लेकर पुलों, गलियों, मोहल्लों, चौराहों, घाटों और मठ-मंदिरों तक विद्युत सजावट की जा रही है। शहर के पार्क में भव्य रामदरबार आकार ले रहा है। यहां प्रभु श्रीराम माता सीता, अनुजों और हनुमानजी के साथ विराजेंगे। रामदरबार के सामने ही अतिथियों के बैठने का इंतजाम किया जा रहा है। गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित विशिष्ट अतिथियों और संत-धर्माचार्यों के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।

चौराहों पर एलईडी से घर-घर पहुंचेगा दीपोत्सव का नजारा

दीपोत्सव की भव्यता का साक्षी केवल आयोजन स्थल पर पहुंचने वाला व्यक्ति ही नहीं होगा। शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर आयोजन का सीधा प्रसारण दिखाने की तैयारी है। कमिश्नर नवदीप रिणवा और डीएम नितीश कुमार के अनुसार रामघाट, कारसेवकपुरम, दंतधावनकुंड, टेढ़ी बाजार, उदया, रानोपाली, अशफी भवन, छोटी छावनी, हनुमानगढ़ी, बेनीगंज, साहबगंज, रीडगंज, गुदड़ी बाजार, चौक बाजार, फतेहगंज, मकबरा, नाका चुंगी, प्रयागराज रोड, रायबरेली रोड, देवकाली बाईपास, देवकाली तिराहा, पुष्पराज चौराहा, सिविल लाइन और गांधी पार्क सहित प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन स्थापित की जाएंगी। अयोध्या कैंट के हनुमानगढ़ी चौराहे पर भी स्क्रीन लगाई जाएगी। कई स्थानों पर स्थायी एलईडी स्क्रीन भी स्थापित हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button