प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान चर्चा में आईं साध्वी हर्षा रिछारिया ने शुक्रवार को भोपाल स्थित साइबर क्राइम कार्यालय पहुंचकर सोशल मीडिया पर कथित ऑनलाइन उत्पीड़न के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर उनके बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाई गईं फर्जी तस्वीरें और वीडियो प्रसारित कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में हर्षा रिछारिया ने कहा कि वह पिछले कई महीनों से सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणियां देख रही हैं। उनका कहना है कि समाज में किसी लड़की के चरित्र पर टिप्पणी करना और उसे बदनाम करना आसान हो गया है। AI तकनीक आने के बाद किसी की फर्जी तस्वीरें और वीडियो बनाकर प्रसारित करना भी आसान हो गया है।महिलाओं के चरित्र पर टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
हर्षा रिछारिया ने कहा कि महिलाएं एक सीमा तक ऐसी टिप्पणियों को नजरअंदाज करती हैं, लेकिन एक समय के बाद उचित कार्रवाई जरूरी हो जाती है। उन्होंने कहा कि वह उन लड़कियों की आवाज भी उठाना चाहती हैं, जो सोशल मीडिया पर इस तरह के उत्पीड़न का सामना कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन को आवेदन सौंप दिया है और अब मामले की जांच अधिकारियों पर छोड़ दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिम्मेदार लोगों की पहचान जल्द सामने आएगी। सोशल मीडिया पर अभद्र व्यवहार करने वालों को उन्होंने खुली चुनौती भी दी।
कुंभ मेले में शामिल होने के बाद शुरू हुए हमले का आरोप
हर्षा रिछारिया ने आरोप लगाया कि प्रयागराज कुंभ मेले में शामिल होने के दिन से ही उन्हें निशाना बनाया जाने लगा था। उन्होंने कहा कि उनके चरित्र पर सबसे ज्यादा आरोप लगाने वालों में उनके अपने धार्मिक समुदाय के कुछ लोग भी शामिल हैं। उन्होंने ऐसे लोगों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन्हें वह भाई, पिता, बहन और मां समान मानती हैं, उन्हीं में से कुछ लोग उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल शिकायत के आधार पर प्रशासन मामले की जांच करेगा। हर्षा रिछारिया ने कहा कि उन्होंने आगे की कार्रवाई अधिकारियों पर छोड़ दी है।
