खबरमध्य प्रदेश

गौमाता का संरक्षण एवं संवर्धन हम सबका दायित्व है – उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल

ग्राम निपानिया में स्व. शंभूनाथ शुक्ल गौशाला एवं स्व. गायत्री शुक्ला तथा स्व. पंडित चन्द्रकान्त शुक्ला की स्मृति में मंदिर निर्माण का किया भूमि पूजन

भोपाल 14 नवंबर 2026 उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने जिले के ग्राम निपानिया में स्व. शंभूनाथ शुक्ल गौशाला तथा स्व. गायत्री शुक्ला एवं स्व. पंडित चन्द्रकान्त शुक्ला की स्मृति में मंदिर निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया। स्व. श्री शंभूनाथ शुक्ल की स्मृति में निर्मित होने वाली गौशाला में 100 गौमाताओं के रखरखाव एवं संरक्षण की व्यवस्था रहेगी। लगभग 12 एकड़ भूमि में श्री अमरनाथ शुक्ल एवं उनके पुत्र श्री समीर शुक्ल द्वारा गौशाला का निर्माण कराया जा रहा है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि गौमाता का संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी का दायित्व है। भारतीय संस्कृति में गाय का विशेष महत्व है। मान्यता है कि गौमाता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का निवास होता है। गौसेवा और गौसंरक्षण हमारी सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को भी आगे आकर गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अपना योगदान देना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए गौशालाओं के माध्यम से अनुदान उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से भी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। गौवंश की नस्ल सुधार के लिए पशु चिकित्सा विभाग के माध्यम से कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही वृंदावन ग्राम की अवधारणा के माध्यम से भी गौवंश संरक्षण, दुग्ध उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गौशालाओं के निर्माण से निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आश्रय मिलेगा तथा उनके समुचित रखरखाव और देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी। ग्राम निपानिया में 12 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही यह गौशाला गौसेवा एवं गौसंरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक श्री जयसिंह मरावी, विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, श्री राजेश पाण्डेय, श्री भूपेन्द्र मिश्रा, श्री अमित मिश्रा, श्री प्रियंक त्रिपाठी, श्री अनिल द्विवेदी, श्री संतोष लोहानी, कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, एसडीएम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button