खबरमध्य प्रदेश

आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी, सभी रिक्त पद शीघ्र भरे जाएं – उप मुख्यमंत्री शुक्ल

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा एनीमिया, टीबी और सिकल सेल उन्मूलन के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश

भोपाल 14 नवंबर 2026 ।
उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, गर्भवती माताओं एवं बच्चों की देखभाल तथा स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए आशा कार्यकर्ताओं के सभी रिक्त पद शीघ्र भरे जाएं। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं, डीसीएम एवं बीसीएम को निर्देशित किया कि गर्भवती माताओं का समय पर पंजीयन सुनिश्चित करें तथा हाईरिस्क गर्भवती माताओं की विशेष निगरानी करते हुए आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समय पूर्व स्वास्थ्य संस्थाओं में भर्ती कराया जाए, ताकि सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि एनीमिया मुक्त भारत, टीबी मुक्त भारत तथा सिकल सेल मुक्त भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभाग प्राथमिकता से कार्य करें। एनीमिया की रोकथाम एवं उपचार के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की नियमित देखभाल, समय पर उपचार तथा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है।

श्री शुक्ल ने गैर संचारी रोग नियंत्रण (एनसीडी) कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर संपर्क कर शत-प्रतिशत लोगों की डायबिटीज, हाइपरटेंशन एवं कैंसर सहित निर्धारित बीमारियों की जांच सुनिश्चित करें। टाइप-1 डायबिटीज के प्रति भी जागरूकता बढ़ाई जाए तथा समय पर रोग की पहचान कर उपचार उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि यहां 124 प्रकार की दवाइयों तथा 65 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध है। इन सुविधाओं का लाभ आमजन को सहजता से मिलना चाहिए। चिकित्सकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डॉक्टर अपने व्यवहार, आचरण एवं बेहतर सेवाओं से बीमार लोगों का दिल जीतें। मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ व्यवहार करें, जिससे आमजन का स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रति विश्वास और मजबूत हो।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेज शहडोल में विश्व बैंक के सहयोग से तथा अत्याधुनिक ए-रिफेसर मशीन उपलब्ध कराई गई है, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने जिले में उपलब्ध कराए गए 48 नए चिकित्सकों की पदस्थापना की समीक्षा करते हुए बताया कि इनमें से 26 चिकित्सकों ने ज्वाइन किया है, जबकि 10 चिकित्सक अनुपस्थित हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुपस्थित एवं अभी तक कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले चिकित्सकों से संपर्क कर उन्हें शीघ्र ज्वाइन करने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही सभी चिकित्सालयों में आवश्यक दवाइयों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवी संस्थाओं से भी स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी लोग शिक्षित मित्र तथा कुपोषित बच्चों को गोद लेकर उनके बेहतर भविष्य और स्वास्थ्य सुधार में सहयोग करें। सामूहिक प्रयासों से ही जिले को स्वस्थ एवं सुपोषित बनाया जा सकता है।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने मेडिकल कॉलेज में सीटों की संख्या बढ़ाने सहित स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। जिला विकास सलाहकार समिति के अशासकीय सदस्यों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में अपने सुझाव प्रस्तुत किए। उप मुख्यमंत्री ने प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्यवाही करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया।

बैठक में सांसद सीधी लोकसभा क्षेत्र डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक श्री जयसिंह मरावी, श्रीमती मनीषा सिंह, जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य, कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, वनमंडलाधिकारी श्रीमती श्रद्धा पेंडे, श्रीमती तरुणा वर्मा, एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, डीन मेडिकल कॉलेज डॉ. गिरीश रामटेके, अधीक्षक डॉ. नागेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. शिल्पा सराफ, बीएमओ सहित अन्य चिकित्सक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button