लीजेंड्स इन टाइम्स म्यूजिकल ग्रुप का भव्य दीपावली मिलन समारोह संपन्न: सदाबहार नगमों और सुरीली प्रस्तुतियों से सजी शाम

विदिशा:
शहर की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था ‘लीजेंड्स इन टाइम्स म्यूजिकल ग्रुप’ के तत्वावधान में नगर की कृष्णा कॉलोनी स्थित सेवा भारती संस्थान में एक भव्य एवं रंगारंग ‘दीपावली मिलन गीत-संगीत संध्या’ का शानदार आयोजन किया गया। “जब दीप जले आना” और “सुरों की महफ़िल, गीतों का कारवाँ” थीम पर आधारित इस सांस्कृतिक शाम ने श्रोताओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम देर रात तक चला, जिसमें संगीत प्रेमियों ने सुरीले नगमों का भरपूर आनंद लिया।
दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि, अध्यक्ष एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप अर्पित करने के पश्चात प्रदीप जैन ‘पारस’ एवं प्रशंसा चतुर्वेदी ने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
”अच्छा गीत-संगीत रूह को सुकून देने वाला, किसी साधन से कम नहीं” — मनोज पांडे
समारोह के मुख्य अतिथि, मुक्तिधाम सेवा समिति के सचिव एवं वरिष्ठ समाजसेवी-पत्रकार श्री मनोज पांडे रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रुप के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी लायन अरुण कुमार सोनी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. विनोद भट्ट (डॉ. बी.पी. भट्ट) और बलराम पंथी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि श्री मनोज पांडे ने अपने संबोधन में कहा, “जिस प्रकार हास-परिहास और अच्छी कॉमेडी हमारे दिल को प्रसन्न कर देती है, वहीं एक अच्छा गीत-संगीत रूह को सुकून देता है और वास्तव में यह किसी साधना से कम नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि भारत के गीत-संगीत ने पूरी दुनिया में अपनी अनूठी छाप छोड़ी है और आज विदिशा के कलाकारों की गायकी न केवल लोगों को आकर्षित कर रही है, बल्कि बेजोड़ भी है। उन्होंने सभी कलाकारों की हौसला अफजाई करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में विदिशा समाज को एक से बढ़कर एक बेहतरीन कलाकार देगा।
अध्यक्षीय उद्बोधन में लायन अरुण कुमार सोनी ने कहा कि इस म्यूजिकल ग्रुप ने विदिशा में अपनी गायकी से न केवल अपनी एक अलग पहचान बनाई है, बल्कि नवोदित कलाकारों को एक बेहतरीन मंच प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम निरंतर चलते रहने चाहिए, जिससे कला और कलाकारों को प्रोत्साहन मिलता रहे।
मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों का संस्था के पदाधिकारियों द्वारा शॉल और श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सत्कार किया गया।
सुरीले गीतों और युगल प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में शहर के उभरते और नामचीन कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सदाबहार नगमे पेश कर महफ़िल में चार चाँद लगा दिए:
युगल प्रस्तुतियाँ: प्रदीप पारस और नीता चतुर्वेदी ने “जब दीप जले आना, जब शाम ढले आना” और “हम तुम युग-युग से ये गीत मिलन के” जैसे गीतों से श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी।
विशेष एकल प्रस्तुतियाँ: सौरभ पंथी (ये शमा शर्मा है प्यार का), पंडित सुशील शर्मा सरल (प्यार का पहला खत), मनोज शर्मा (“किसी पत्थर की मूरत से), शत्रुघ्न भारद्वाज (“का करूँ सजनी”), शंकर विश्वकर्मा (“न कजरे की धार”), योगेश जी (“तौबा ये मतवाली चाल”), प्रदीप जैन ‘पारस’ (आपके अनुरोध पर एवं जाने चले जाते हैं कहां ), प्रशंसा चतुर्वेदी (हाल कैसा है जनाब का), संजय चतुर्वेदी (चंदन सा बदन) मधुसूदन पचौरी (“चाँद मेरा दिल, चाँदनी हो तुम”), जगदीश गहलोत (गुंचे लगे हैं कहने)और डॉ विनोद भट्ट (ए बागवां मेरे ) ने शानदार प्रस्तुतियाँ दीं।
सभी ने अपनी सुरीली आवाज़ से सुरों की इस महफ़िल को और भी गुलजार कर दिया।
कुशल संचालन और आभार
कार्यक्रम का सफल एवं आकर्षक संचालन ग्रुप के अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी एवं संयोजक व गायक-कवि प्रदीप जैन ‘पारस’ ने संयुक्त रूप से किया। संपूर्ण आयोजन संरक्षक बी.के. जैन, सचिव सौरभ पंथी और कोषाध्यक्ष सुशील शर्मा ‘सरल’ के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में ग्रुप संयोजक प्रदीप जैन ‘पारस’ ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।


