स्व. जगदीश श्रीवास्तव की स्मृति में काव्य गोष्ठी आयोजित
साहित्य, गीत और साधना को समर्पित रही काव्य संध्या

विदिशा।* मध्यप्रदेश लेखक संघ, जिला इकाई विदिशा के तत्वावधान में देश एवं प्रदेश के प्रतिष्ठित गीतकार और संपादक स्वर्गीय जगदीश श्रीवास्तव की स्मृति में एक गरिमामय काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। साहित्य, गीत और साधना को समर्पित इस आयोजन में साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से स्व. श्रीवास्तव के साहित्यिक अवदान और व्यक्तित्व को स्मरण किया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश लेखक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र गट्टानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वरिष्ठ गीतकार कालूराम पथिक ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि जिला इकाई के संरक्षक गोविंद देवलिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।
काव्य गोष्ठी में लायन अरुण कुमार सोनी,श्रीमती सुधा चौधरी हरि गोविंद मैथिल, उदय ढोली, संतोष नामदेव, प्रदीप जैन, सुधा चौधरी, सुरेंद्र श्रीवास्तव, राजेंद्र श्रीवास्तव, गोवर्धन राजोरिया, सुलखान सिंह हाड़ा तथा जिला इकाई के अध्यक्ष परमानंद मिश्रा, तथा श्री पथिक जी और गट्टानी जी सहित अनेक रचनाकारों ने अपनी काव्य रचनाओं का पाठ किया। प्रदीप जैन पारस ने स्वर्गीय जगदीश श्रीवास्तव जी के गीत का सस्वर गायन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेंद्र गट्टानी एवं विशिष्ट अतिथि गोविंद देवलिया ने स्वर्गीय जगदीश श्रीवास्तव के जीवन, साहित्यिक योगदान, गीत साधना और साहित्य के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि जगदीश श्रीवास्तव का साहित्यिक अवदान नई पीढ़ी के रचनाकारों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
कार्यक्रम में नंदकिशोर तिवारी, शिवकुमार तिवारी, रामकृष्ण शर्मा, सतीश खत्री, ओम bhartdvajतथा पत्रकार मनोज पांडे ,वैष्णवी राजपूत सहित साहित्यप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समूचा आयोजन साहित्यिक स्मृतियों, काव्य अभिव्यक्तियों और गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति के बीच संपन्न हुआ। यह गोष्ठी स्वर्गीय जगदीश श्रीवास्तव की साहित्य साधना को नमन करने के साथ-साथ साहित्यिक परंपरा को आगे बढ़ाने का एक सार्थक प्रयास रही।






