खबरबिज़नेस

भारतीय ग्रेजुएट्स के लिए मेडिकल लाइसेंस की आपसी मान्यता पर आगे बढ़े भारत और फिलीपींस

फिलीपींस के प्रोफेशनल रेगुलेशन कमीशन ने पुष्टि की है कि भारतीय मेडिकल ग्रेजुएट वहां की फिजिशियन लाइसेंसिंग परीक्षा में बैठ सकते हैं। इस फैसले से विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स के लिए एनएमसी की एक प्रमुख शर्त पूरी हो गई है।

भारत, 19 नवंबर 2026: फिलीपींस के मान्यता प्राप्त मेडिकल संस्थानों से पढ़ाई करने वाले भारतीय मेडिकल ग्रेजुएट अब वहां की फिजिशियन लाइसेंसिंग परीक्षा (पीएलई) दे सकेंगे और डॉक्टरी की प्रैक्टिस करने के लिए रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट हासिल कर सकेंगे। यह भारत और फिलीपींस के बीच मेडिकल लाइसेंस की आपसी मान्यता की व्यवस्था बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।

इस फैसले की पुष्टि फिलीपींस में भारत के राजदूत हर्ष कुमार जैन ने की। उन्होंने बताया कि फिलीपींस के प्रोफेशनल रेगुलेशन कमीशन ने पिछले हफ्ते इस निर्णय की जानकारी दी थी। इस घोषणा से भारत के राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की उन शर्तों में से एक पूरी हो गई है, जो फिलीपींस से पढ़ाई करने वाले भारतीय छात्रों को भारत की फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट परीक्षा में बैठने के योग्य बनाती हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिलीपींस यात्रा से पहले एएनआई से बात करते हुए राजदूत जैन ने इस प्रगति को दोनों देशों के बीच पेशेवर रिश्तों और लोगों के आपसी संपर्क को मजबूत करने के लिहाज से अहम बताया।

इस फैसले पर ट्रांसवर्ल्ड एजुकेयर के डायरेक्टर और किंग्स इंटरनेशनल मेडिकल एकेडमी के चेयरमैन कैडविन पिल्लई ने कहा, “फिलीपींस में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों के लिए यह एक महत्वपूर्ण फैसला है। पीएलई में बैठने को लेकर अब तस्वीर साफ हो गई है, और इससे दोनों देशों के बीच मेडिकल रजिस्ट्रेशन की आपसी मान्यता से जुड़ी एक बड़ी चिंता दूर हुई है। छात्र और पेरेंट्स लंबे समय से विदेश में मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद करियर के विकल्पों को लेकर स्पष्ट जानकारी चाहते थे। इससे उन्हें अपनी पढ़ाई और करियर की योजना बनाते समय नियमों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही, छात्रों के लिए यह भी उतना ही जरूरी है कि वे भारत लौटने पर लागू होने वाले एनएमसी के नियमों की जानकारी रखें।”

 

यह फैसला मेडिकल डिग्रियों की मान्यता और डॉक्टरी की प्रैक्टिस करने की योग्यता को लेकर भारत और फिलीपींस के अधिकारियों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद आया है। मनीला स्थित भारतीय दूतावास ने इससे पहले फिलीपींस सरकार से दोनों देशों के बीच लाइसेंस की आपसी मान्यता के नियम बनाने का अनुरोध किया था। दूतावास ने ध्यान दिलाया था कि भारतीय कानून के तहत भारत के मान्यता प्राप्त संस्थानों से मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने वाले विदेशी नागरिक, जिनमें फिलीपींस के नागरिक भी शामिल हैं, भारतीय नागरिकों वाले नियमों के तहत ही स्थायी मेडिकल रजिस्ट्रेशन ले सकते हैं।

इस मामले में तब और स्पष्टता आई, जब फिलीपींस के उच्च शिक्षा आयोग ने 8 मई 2025 के एक पत्र में पुष्टि की कि वहां का डॉक्टर ऑफ मेडिसिन कोर्स पढ़ाई की अवधि, इंटर्नशिप, विषयों की सूची और रजिस्ट्रेशन योग्यता प्रमाण पत्र से जुड़ी एनएमसी की निर्धारित शर्तों को पूरा कर सकता है।

इसके बाद भारतीय दूतावास ने 17 जून 2026 को एक सार्वजनिक एडवाइजरी जारी कर फिलीपींस में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों के लिए नियमों की स्थिति स्पष्ट की। इसमें फिलीपींस के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के 11 मार्च 2026 को पारित प्रस्ताव संख्या 73 का भी जिक्र था, जिसमें इस बात का समर्थन किया गया था कि सीएचईडी से मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थानों में चलने वाला एमडी कोर्स लागू एनएमसी नियमों के मुताबिक है।

फिलीपींस के कानून के तहत देश में डॉक्टरी की प्रैक्टिस करने के इच्छुक विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स के लिए पीएलई परीक्षा पास करना अनिवार्य है। उनकी यह योग्यता आपसी मान्यता के नियमों से भी जुड़ी होती है, यानी उनके अपने देश को भी फिलीपींस के नागरिकों को उन्हीं नियमों के तहत डॉक्टरी की प्रैक्टिस करने देनी होगी, जो उसके अपने नागरिकों पर लागू होते हैं।

इस शर्त को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारतीय दूतावास ने 8 अक्टूबर 2026 को फिलीपींस के विदेश मामलों के विभाग से संपर्क किया था। इसमें दूतावास ने भारत में फिलीपींस के मेडिकल ग्रेजुएट्स को मिलने वाले रजिस्ट्रेशन अधिकारों की जानकारी दी थी और बदले में जरूरी मान्यता मांगी थी।

राजदूत जैन ने पीआरसी के जिस ताजा संदेश की पुष्टि की है, वह लंबे समय से चले आ रहे इस नियामक मुद्दे को सुलझाने की दिशा में एक कदम आगे है। इससे फिलीपींस के मेडिकल संस्थानों से पढ़े भारतीय ग्रेजुएट्स के लिए करियर का एक अहम रास्ता खुलता है, और वे तय प्रक्रियाओं का पालन करते हुए वहां की लाइसेंसिंग परीक्षा दे सकेंगे और रजिस्ट्रेशन ले सकेंगे।

 

फिलीपींस में उच्च शिक्षा ले रहे भारतीय छात्रों की संख्या को देखते हुए यह फैसला खास मायने रखता है। राजदूत जैन के अनुसार, इस समय लगभग 7,000 भारतीय छात्र फिलीपींस में पढ़ रहे हैं, और इनमें मेडिकल की पढ़ाई करने वालों की बड़ी संख्या है। इसके अलावा फिलीपींस में लगभग 40,000 लोगों का भारतीय समुदाय भी रहता है, जो व्यापार, उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी और पेशेवर सेवाओं सहित कई क्षेत्रों में योगदान दे रहा है।

भारतीय छात्रों के लिए यह ताजा घटनाक्रम उनकी मेडिकल की पढ़ाई और भविष्य के करियर से जुड़े एक जरूरी पहलू पर स्थिति और साफ करता है। हालांकि, पीएलई में बैठने की योग्यता और फिलीपींस का रजिस्ट्रेशन होने से अपने आप भारत में प्रैक्टिस करने का लाइसेंस नहीं मिल जाता। भारत लौटने वाले ग्रेजुएट्स को अब भी एनएमसी की लागू शर्तें पूरी करनी होंगी, जिनमें तय परीक्षा, योग्यता और इंटर्नशिप से जुड़े नियम शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button