कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय लोकतंत्र को ‘पवित्र’ बताते हुए चुनावों के बहिष्कार की संभावना को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष चुनाव लड़ना बंद कर देता है, तो देश में लोकतंत्र समाप्त हो जाएगा। राहुल गांधी ने यह टिप्पणी शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान की।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राहुल गांधी के बयानों को लेकर उन पर हमला तेज कर दिया है। भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी धरती पर एक बार फिर ‘वोट चोरी’ का दावा दोहराकर भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।
चुनावों का बहिष्कार करना लोकतंत्र खत्म करने जैसा: राहुल गांधी
शिकागो विश्वविद्यालय में बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष की रणनीति चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को जनता के सामने लाने की है। विपक्ष तब तक संघर्ष जारी रखेगा, जब तक देश के लोगों को यह समझ नहीं आ जाता कि व्यवस्था में गंभीर समस्याएं हैं।
उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष अपने सभी कार्यकर्ताओं से चुनाव नहीं लड़ने के लिए कह दे, तो भारतीय लोकतंत्र उसी क्षण खत्म हो जाएगा। विपक्ष ऐसा नहीं करना चाहता, क्योंकि इससे लोगों का चुनावी प्रक्रिया पर भरोसा टूट सकता है। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष चुनावी ढांचे को तोड़ना नहीं चाहता। उनके मुताबिक, चुनावों में हिस्सा नहीं लेने से जनता की नजर में पूरी प्रक्रिया अवैध हो सकती है।
‘वोट चोरी’ और 2014 के चुनावों पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने 2014 के लोकसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी उन्हें चुनाव परिणामों को लेकर कुछ संदेह था, लेकिन उनके पास आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं थे। उन्होंने दावा किया कि बाद में जब उन्हें सबूत मिले और उन्होंने कांग्रेस नेताओं के सामने रखे, तो कुछ नेताओं ने उन्हें इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से बोलने से बचने की सलाह दी।
गांधी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए बेहद पवित्र है और जब तक उनके पास ठोस सबूत न हों, तब तक लोकतंत्र में समस्या होने की बात कहना उनके लिए मुश्किल है। उन्होंने यह भी दावा किया कि निर्वाचन आयोग के भीतर से उन्हें जानकारी मिल रही है और कुछ वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूदा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।
राहुल गांधी का एक्स पर संदेश, बोले- हर वोट के लिए लड़ेंगे
शिकागो विश्वविद्यालय में अपनी टिप्पणी के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि भाजपा और निर्वाचन आयोग पर वोट चोरी के आरोपों के बावजूद विपक्ष चुनावों का बहिष्कार क्यों नहीं करता, इसका जवाब साफ है। उनके मुताबिक, भारत का लोकतंत्र विपक्ष के लिए सबसे पवित्र है। राहुल गांधी ने कहा कि जिस दिन विपक्ष चुनाव लड़ना छोड़ देगा, उस दिन जनता का लोकतंत्र से भरोसा उठ जाएगा। उन्होंने लिखा कि विपक्ष यह भरोसा टूटने नहीं देगा और हर चोट सहकर, हर वोट के लिए लड़कर तथा हर सच को देश के सामने रखकर संविधान की रक्षा करेगा।
किरेन रीजीजू और भाजपा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
राहुल गांधी के शिकागो में दिए गए बयानों पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कांग्रेस नेता की आलोचना करते हुए कहा कि वह अपनी विदेश यात्राओं के दौरान भारत के बारे में गलत बयान देते हैं। रीजीजू ने सवाल उठाया कि यदि भारत में लोकतांत्रिक स्वतंत्रता नहीं होती, तो विपक्ष सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कैसे कर पाता और उसकी आलोचना कैसे कर सकता था।
भाजपा प्रवक्ता सी.आर. केशवन ने भी राहुल गांधी पर विदेशी धरती से भारत की चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणियां संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अनादर और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति तिरस्कार को दर्शाती हैं। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी राहुल गांधी की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाए हैं।
इजराइल-गाजा संघर्ष पर भी बोले राहुल गांधी
शिकागो विश्वविद्यालय में बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने इजराइल और गाजा के बीच जारी संघर्ष पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि भारत के इजराइल के साथ अच्छे संबंध हैं और देश की विदेश नीति का निर्धारण भारत के हितों के आधार पर होना चाहिए। राहुल गांधी ने सात अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इजराइल पर किए गए हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों की हत्या पूरी तरह गलत है। हालांकि, उन्होंने गाजा में इजराइल की सैन्य कार्रवाई की भी आलोचना की। गौरतलब है कि कांग्रेस पहले भी हमास के हमले की निंदा कर चुकी है और गाजा में इजराइल की कार्रवाई को विनाशकारी तथा असंगत बताते हुए उस पर सवाल उठा चुकी है।
भारत की विदेश नीति पर उठाए सवाल, पाकिस्तान का किया जिक्र
राहुल गांधी ने भारत की विदेश नीति की आलोचना करते हुए कहा कि वैश्विक मामलों में भारत की भूमिका पहले के मुकाबले कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि भारत अपने आकार और अंतरराष्ट्रीय महत्व के कारण वैश्विक चर्चाओं में अहम भूमिका निभाने की क्षमता रखता है, लेकिन अब वह गौण खिलाड़ी बनकर रह गया है।
उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में पाकिस्तान की भूमिका का जिक्र करते हुए हैरानी जताई कि पाकिस्तान दोनों देशों के साथ बातचीत में सक्रिय है, जबकि भारत केवल स्थिति देख रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भारत गुटनिरपेक्ष आंदोलन का नेतृत्व करता था और वैश्विक मंच पर उसकी एक अलग पहचान थी। वह चाहते हैं कि भारत एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मामलों में अपनी प्रभावशाली भूमिका हासिल करे।
मोदी की विदेश नीति पर भी की टिप्पणी
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नीति अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जैसे वैश्विक नेताओं के साथ उनके व्यक्तिगत संबंधों पर अधिक आधारित है।
राहुल गांधी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति व्यक्तिगत दोस्ती से नहीं चलती, बल्कि इसके लिए वैश्विक आर्थिक व्यवस्था, रणनीतिक हितों और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी वैश्विक नेता के साथ व्यक्तिगत संबंध होने का मतलब यह नहीं है कि वह अपने देश के फैसले भारत के हितों के अनुसार लेगा।
न्यूयॉर्क में भी भारत की अर्थव्यवस्था पर की थी टिप्पणी
शिकागो में राहुल गांधी की यह टिप्पणी न्यूयॉर्क में दिए गए उनके बयान के एक दिन बाद आई। न्यूयॉर्क में उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी और कहा था कि देश आर्थिक आपदा की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बेरोजगारी की समस्या और चुनावी प्रक्रिया में कथित धांधली का मुद्दा भी उठाया था।
इससे पहले कोलंबिया विश्वविद्यालय में राहुल गांधी की टिप्पणियों पर भी भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। भाजपा ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेता विदेशी मंचों से भारत की अर्थव्यवस्था, लोकतंत्र और चुनाव प्रणाली पर सवाल उठाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।




