जिस भाई के साथ अमेरिका पहुंचा, उसी की गोली से गई जान, न्यूयॉर्क में 24 साल के भारतीय छात्र की मौत

अमेरिका में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने एक भारतीय परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। जिस बड़े भाई के साथ छोटा भाई अमेरिका में मौजूद था, उसी की पिस्तौल से चली एक गोली ने उसकी जिंदगी छीन ली। न्यूयॉर्क के हिक्सविले में 24 वर्षीय हैदराबादी छात्र मोहम्मद इब्राहिम अहमद की मौत हो गई। पुलिस ने उसके 27 वर्षीय बड़े भाई मोहम्मद बशीर अहमद को गिरफ्तार कर गैर-इरादतन हत्या और हथियार रखने के आरोप लगाए हैं। परिवार के माता-पिता बेटे को खोने के सदमे के बीच अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे हैं।
यह दर्दनाक घटना 14 नवंबर की रात न्यूयॉर्क के हिक्सविले इलाके में हुई। नासाउ काउंटी पुलिस विभाग के अनुसार, रात करीब 12:01 बजे 459 साउथ ब्रॉडवे के पास गोली चलने की सूचना पर पुलिस पहुंची। वहां एक कार के अंदर 24 वर्षीय मोहम्मद इब्राहिम अहमद घायल अवस्था में मिला। उसकी पीठ में गोली लगी हुई थी। पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने 17 नवंबर को जांच के बाद मामले में अहम खुलासा किया। जांचकर्ताओं के मुताबिक, कार में मौजूद इब्राहिम के 27 वर्षीय बड़े भाई मोहम्मद बशीर अहमद की पिस्तौल से गलती से गोली चली थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि बंदूक कैसे चली और कार के अंदर हथियार किस परिस्थिति में मौजूद था।
पुलिस ने मोहम्मद बशीर अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर सेकंड-डिग्री मैनस्लॉटर यानी गैर-इरादतन हत्या और सेकंड-डिग्री क्रिमिनल पजेशन ऑफ ए वेपन यानी अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप लगाए गए हैं। अदालत में पेश किए जाने पर बशीर ने खुद को निर्दोष बताया। इसके बाद उसे हिरासत में भेज दिया गया। उसे बुधवार को दोबारा अदालत में पेश किया जाना था। फिलहाल मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी है। दोनों भाइयों का मूल निवास हैदराबाद बताया गया है। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार के माता-पिता मोहम्मद जहांगीर साहब और अर्जुमन नज़ीर अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन बेटे की मौत की खबर ने उनकी दुनिया उजाड़ दी।




