हर रात खुदा से मौत मांगता था’: छलका आजम का दर्द, बोले- मुल्क की दूसरी सबसे बड़ी आबादी कहां चली जाए?

जेल की अंधेरी कोठरी में बीती हर एक रात कैसे किसी इंसान को भीतर ही भीतर तोड़ देती है, रविवार को सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां की जुबां से उसका दर्द उस समय छलका, जब एक साल बाद जेल की सलाखों से बाहर निकलकर, सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर समर्थकों के बीच पहुंचे। उनकी आवाज में बरसों की खामोशी और दर्द साफ झलक रहा था। हर रात खुदा से मांगता था मौत’
उन्होंने कहा कि जेल में हर रात वे खुदा से मौत की भीख मांगते थे, पर मौत भी उनसे रूठी रही और हर शाम बस इसी अनजान डर के साथ सोते थे कि न जाने अगली सुबह कौन-सी भारी खबर लेकर आए। अपनी इस व्यक्तिगत पीड़ा के बीच उन्होंने देश के बेरोजगार युवाओं की बेबसी, आत्महत्या करते किसानों और इंसाफ की उस सिसकती उम्मीद को भी शब्द दिए, जिसे लेकर वे बोले कि ‘बदला घटिया लोग लेते हैं, हमें बस इंसाफ चाहिए।’ बिना किसी दल का नाम लिए उन्होंने कहा कि जो लोग आपसे आजादी छीनना चाहते हैं, उनके मंसूबे कामयाब नहीं होने देने हैं।मुल्क की दूसरी सबसे बड़ी आबादी कहां चली जाए?’
सपा नेता आजम खां ने कहा कि अपना देश और प्रदेश बहुत खूबसूरत है, इसे बचाने की जिम्मेदारी आपकी है। उन्होंने सवाल किया कि इस मुल्क में रहने वाली सबसे बड़ी दूसरी आबादी आखिर कहां चली जाए। अगर कोई दूसरा मुल्क हमें लेने को तैयार है तो बताइए। क्या इस देश में रहने वालों को अपनी जगह और अपने अधिकारों के लिए सवाल पूछने पड़ेंगे।




