संत नामदेव महाराज की 756वीं जयंती पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्ति के साथ सामाजिक एकता का दिया संदेश
विधायक भगवानदास सबनानी ने 5 लाख रुपए देने की घोषणा की, महापौर मालती राय ने भी दिया सहयोग का आश्वासन

भोपाल। संत शिरोमणि श्री नामदेव महाराज की 756वीं जयंती के पावन अवसर पर रविवार, 22 नवंबर को नामदेव समाज विकास परिषद मध्य प्रदेश के तत्वावधान में जवाहर चौक स्थित संत नामदेव सामुदायिक भवन में भव्य समारोह आयोजित किया गया। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए समाजबंधुओं, महिलाओं और युवाओं की सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। संत नामदेव महाराज के जयकारों, धार्मिक अनुष्ठानों और भक्तिमय प्रस्तुतियों के बीच समाज ने श्रद्धा के साथ अपनी संत परंपरा का स्मरण किया तथा संगठन की मजबूती का संकल्प लिया।
श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं नामदेव समाज विकास परिषद मध्य प्रदेश के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शिवरतन नामदेव ने बताया कि नामदेव समाज विकास परिषद मध्य प्रदेश के समारोह में विधायक भगवानदास सबनानी ने समाज एवं सामुदायिक भवन के विकास के लिए ₹5 लाख की सहयोग राशि देने की घोषणा की। भोपाल की महापौर मालती राय ने भी समाज के विकास कार्यों में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। सांसद आलोक शर्मा को भी मुख्य अतिथि के रूप में आमन्त्रित किया गया था
प्रातः 9 बजे निकाले गए भव्य चल समारोह में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके बाद मुकेश नामदेव इंदौर द्वारा रुक्मिणी जी की स्थापना, विधिवत पूजन-अर्चन और सामूहिक आरती संपन्न हुई। मातृशक्ति ने सुंदर ढंग से सजाई गई आरती की थालियों के साथ आराधना की। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹2,001, द्वितीय ₹1,001 तथा तृतीय पुरस्कार चार प्रतिभागियों को ₹501 प्रति प्रतिभागी प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं स्वागत नृत्य से हुआ। भोपाल के प्रसिद्ध भजन गायक विशाल परिहार ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। डॉक्टर अरविंद नामदेव की पुस्तक संत शिरोमणि नामदेव महाराज एक सचित्र जीवनगाथा का विमोचन विधायक भगवान दास सबनानी एवं महापौर मालती राय द्वारा किया गया।दोपहर में सामूहिक भंडारे का आयोजन हुआ। रंगोली, मेहंदी, चित्रकला एवं आरती थाली सजाओ प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सायंकाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन में विवाह योग्य 30 युवक-युवतियों एवं उनके परिजनों को आपसी परिचय का अवसर मिला। इस पहल को सामाजिक संबंधों को मजबूत करने और भावी पीढ़ी के लिए बेहतर वैवाहिक संबंध स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना गया।
संत नामदेव महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
नामदेव समाज विकास परिषद मध्य प्रदेश के मुख्य संरक्षक मुकेश नामदेव, संरक्षक अवधनारायण नामदेव, प्रांतीय अध्यक्ष राजेंद्र कुमार नामदेव गाडरवारा एवं एम एल नामदेव संरक्षण अवधेश चंद्र नामदेव रिटायर्ड डीएसपी,आयोजकों ने एवं नामदेव समाज के सभी पदाधिकारी ने कहा कि संत नामदेव महाराज ने अपनी भक्ति, आध्यात्मिक साधना और मानवतावादी विचारों से समाज को प्रेम, समानता, सद्भाव एवं सेवा का मार्ग दिखाया। उनके बताए आदर्शों को जीवन में अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। ऐसे आयोजनों से परिवारों के बीच आत्मीयता बढ़ती है, युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है और सामाजिक संगठन को नई ऊर्जा प्राप्त होती है।
परिषद के दस्तावेज एवं कार्यभार हस्तांतरण का मामला उठा
समारोह के दौरान नामदेव समाज विकास परिषद मध्य प्रदेश के संगठनात्मक संचालन से संबंधित विषय भी सामने आया। पूर्व कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश नामदेव, भोपाल एवं महामंत्री तरुण चूड़ामणि ने मौखिक रूप से बताया कि वर्तमान पदाधिकारियों के पास परिषद का आवश्यक रिकॉर्ड एवं दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। लगभग छह माह बीत जाने के बावजूद पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष अरुण कुमार नामदेव, इंजीनियर गुना से विधिवत कार्यभार एवं अभिलेख प्राप्त नहीं हुए हैं।
इस संबंध में समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर परिषद के संपूर्ण दस्तावेज और आवश्यक अभिलेख वर्तमान कार्यकारिणी को सौंपने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि संगठन की पारदर्शिता एवं सुचारु संचालन के लिए कार्यभार हस्तांतरण आवश्यक है। निर्धारित अवधि में दस्तावेज प्राप्त नहीं होने पर एम.एल. नामदेव, अजय कुमार नामदेव एडवोकेट, धर्मेंद्र वर्मा, विष्णु दयाल नामदेव एडवोकेट, एडवोकेट सरोज वाला, अवधेश चंद्र नामदेव (सेवानिवृत्त डीएसपी), सतीश वर्मा (सेवानिवृत्त लोकायुक्त अधिकारी), नवल किशोर नामदेव मंडदीप भागीरथ नामदेव भानपुर, संतोष नामदेव भानपुर, दशरथ नामदेव भानपुर
प्रमोद बघेल, सुरेश नामदेव, रीता नामदेव, नीलिमा नामदेव, अल्केश वैद्य, आरती नामदेव, हरिशंकर बबलू नामदेव, राजेश नामदेव (पत्रकार), विशाल, शंभू सिंह नामदेव, बृजेश नामदेव संजय नामदेव अवधपुरी, नीलेश नामदेव युवा नेता भारतीय जनता पार्टी एवं शिवरतन नामदेव सहित अन्य समाजबंधुओं से विचार-विमर्श कर नियमानुसार आवश्यक संगठनात्मक एवं वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।
समाज की प्रगति और एकजुटता ही प्राथमिकता
शिवरतन नामदेव ने समारोह में उपस्थित अतिथियों, वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं एवं सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता, संस्कार, शिक्षा और परस्पर सहयोग में निहित है। संत नामदेव महाराज की शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए सामाजिक उत्थान, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और संगठन को सशक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।








