उत्तरकाशी जनपद के मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में भीषण आग लगने से करीब 30 लकड़ी के भवन जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। ग्रामीण यश पंवार ने बताया कि रसोई गैस सिलिंडर फटने के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते कई भवनों को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता को देखते हुए ग्रामीण एकजुट होकर आग बुझाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। लकड़ी से बने भवन होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे भारी नुकसान हुआ है।फिलहाल ग्रामीण आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। वहीं, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं लग सका है।
सीएम ने दिए प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी की मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में भीषण अग्निकांड की घटना में कई आवासीय भवनों के जलकर नष्ट होने पर गहरा दुःख व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य एवं अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा सहित सभी आवश्यक राहत सामग्री की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने अग्निकांड से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य सहायता एवं राहत राशि उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। 