खबर

दर्दनाक हादसा: गुजरात के भुज में ट्रक ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, झाबुआ के एक ही गांव के चार मजदूरों की मौत

गुजरात के भुज जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। इस भीषण सड़क दुर्घटना में मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले की झाबुआ तहसील के ग्राम संदला निवासी चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही संदला गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जिन घरों से परिवार के सदस्य रोजी-रोटी कमाने की उम्मीद लेकर गुजरात गए थे, वहां अब अपनों के लौटने का इंतजार मातम में बदल गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, झाबुआ जिले के संदला गांव के ये लोग गुजरात के भुज क्षेत्र में मजदूरी के लिए गए हुए थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग एक ट्रैक्टर ट्राली के पास छाँव में नीचे बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक ट्रक वहां आ पहुंचा और ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर के नीचे बैठे लोग उसकी चपेट में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की जान चली गई।
हादसे में इन चार लोगों की हुई मौत
मृतकों की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी ग्राम संदला, तहसील झाबुआ के निवासी बताए जा रहे हैं।

1. दिवान पिता दलसिंह मखौड़िया
2. अश्वीना पति दिवान
3. नवीना पिता अर्जुन मखौड़िया
4. दशरथ पिता अर्जुन

इस हादसे की सबसे हृदयविदारक बात यह है कि मृतकों में एक महिला गर्भवती बताई जा रही है। एक साथ चार लोगों की मौत ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे ने उन परिवारों को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button