
महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले 28 साल के भूषण ने केबीसी में एक करोड़ रुपये जीते हैं। वह सात करोड़ रुपये के सवाल तक पहुंचे थे। उनके पिता मजदूरी करके परिवार चलाते हैं। वह चाहते थे कि बेटा कभी मजदूरी न करे। अब एक करोड़ जीतने के बाद भूषण सबसे पहले अपने पिता को काम से आराम दिलाना चाहते हैं। अमर उजाला से बातचीत में भूषण ने बताया कि वह एक करोड़ रुपये जीतने के बाद भी यूपीएससी की तैयारी जारी रखेंगे। उन्होंने अमिताभ बच्चन से मुलाकात, सा
अमिताभ जी ने कहा, अब पिता को मजदूरी नहीं करने देना’
अमिताभ बच्चन से मिलने का सपना तो भूषण का था ही, लेकिन उनसे मिली एक सलाह वह हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने कहा, ‘अमिताभ बच्चन से मिलना मेरा सपना था। उनसे मिलकर ऐसा लग रहा था जैसे कोई सपना सच हो रहा है। वह बहुत प्यार से बातें कर रहे थे। परिवार के बारे में भी उन्होंने अच्छी बातें कीं। उन्होंने मुझसे कहा कि अब तुम्हें परिवार की जिम्मेदारी उठानी चाहिए और अपने पिता का सहारा बनना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अब पिता को मजदूरी नहीं करने देना। उनकी यह बात मैं जीवन भर याद रखूंगा और इस पर अमल करूंगा।’
‘एक करोड़ जीतकर भी यूपीएससी की तैयारी जारी रखूंगा’
एक करोड़ रुपये जीतने के बाद भी भूषण का इरादा यूपीएससी की तैयारी छोड़ने का नहीं है। वह अब अच्छी जगह रहकर पढ़ाई करना और कोचिंग लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं अपनी यूपीएससी की तैयारी नहीं छोड़ूंगा। कोशिश करूंगा कि किसी अच्छी जगह रहकर पढ़ाई कर सकूं और कोचिंग भी ज्वाइन करूं। अपनी जरूरतों को कम रखने की कोशिश करूंगा। इन पैसों से अपनी जिंदगी बेहतर बनाने के साथ पढ़ाई पर भी ध्यान दूंगा। सबसे पहले अपने लिए एक घर बनाना चाहता हूं। पैसे को अच्छी जगह निवेश करूंगा और मां के लिए भी कुछ करना चाहता हूं।‘पिता ने जितनी मजदूरी करनी थी, कर ली’
भूषण के पिता ने उनकी पढ़ाई के लिए काफी मेहनत की है। अब वह चाहते हैं कि पिता को परिवार की जिम्मेदारियों से कुछ राहत मिले। इस बारे में उन्होंने कहा, ‘मेरे पिता ने परिवार के लिए बहुत मेहनत की है। अब मैं उन्हें भरोसा दिलाना चाहता हूं कि उन्हें आगे काम करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने जितनी मजदूरी करनी थी, कर ली। अब घर की जिम्मेदारी मैं उठाना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि वह आराम करें। जिंदगी में जिन परेशानियों और मुश्किलों का सामना उन्होंने किया है, अब उन्हें उन सब से दूर रखना चाहता हूं।’
‘मुंबई आते वक्त मेरे पास सिर्फ 24 रुपये थे’
भूषण जब केबीसी के लिए मुंबई आ रहे थे, तब उनके पास सिर्फ 24 रुपये थे। हालांकि, आने-जाने का खर्च केबीसी की टीम संभाल रही थी। उन्होंने बताया, ‘जब मैं मुंबई आ रहा था, तब मेरे पास सिर्फ 24 रुपये थे। आने-जाने और यात्रा का खर्च केबीसी की टीम संभाल रही थी, इसलिए मुझे पैसों की चिंता नहीं थी। मेरे दिमाग में उस वक्त बहुत सारे सपने थे। मैं यही सोचकर मुंबई आ रहा था कि शायद यहां से अपनी जिंदगी बदल सकूं। मैं करोड़पति बनने के सपने देख रहा था।’




