खबरबिज़नेसमध्य प्रदेश

क्रेडाई की समस्याएँ एक माह में सुलझाने का भोपाल निगमायुक्त का आश्वासन

भवन अनुमति से जुड़े मामलों के एक सप्ताह में समाधान हेतु अधिकारियों को निर्देशित करने की बात कही

भोपाल, 25 नवंबर 2026। नगर निगम आयुक्त श्री आर. पी. अहिरवार ने क्रेडाई भोपाल द्वारा बैठक में उठाई गई सभी समस्याओं का एक माह के भीतर निराकरण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण अनुमति से संबंधित समस्याओं का एक सप्ताह के भीतर समाधान कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा।

क्रेडाई भोपाल के अध्यक्ष मनोज सिंह मीक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम कार्यालय में नवागत आयुक्त से मुलाकात कर 12 सूत्रीय प्रतिवेदन सौंपा। बैठक में भवन एवं विकास अनुमतियों, संपत्ति कर और परियोजनाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल, व्यावहारिक, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने पर चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल ने विकास अनुमति की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन करने, अनुमति सॉफ्टवेयर में आवश्यक प्रावधान जोड़ने और तकनीकी त्रुटियाँ सुधारने का आग्रह किया। विकास कार्य पूरे होने पर बंधक भूखंडों एवं इकाइयों को मुक्त करने के लिए स्पष्ट प्रक्रिया, दस्तावेजों की सूची, प्रत्येक चरण की समय-सीमा और ऑनलाइन आवेदन एवं स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने की माँग रखी गई। विलंब होने पर प्रकरण अगले सक्षम अधिकारी तक पहुँचाने तथा आदेश ऑनलाइन जारी करने का सुझाव भी दिया गया।

संपत्ति कर के संबंध में करयोग्य क्षेत्रफल और गणना पद्धति स्पष्ट करने का आग्रह किया गया। पूर्व वर्षों का कर जमा होने और अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी होने के बाद भी बकाया दर्शाने तथा संपत्ति बिकने के बाद भी डेवलपर के नाम कर माँग जारी रहने के मामलों के समाधान की माँग की गई।

मरम्मत शुल्क एवं उसकी वार्षिक वृद्धि की समीक्षा कर इसे निरस्त करने, निर्माण की प्रगति के अनुरूप कर्मकार कल्याण उपकर चरणबद्ध लेने तथा कार्य पूर्णता प्रमाणपत्र के लिए दोबारा प्रसंस्करण शुल्क लिए जाने की समीक्षा का विषय भी रखा गया।

रेरा की निगरानी व्यवस्था के संदर्भ में त्रिपक्षीय अनुबंध तथा भूखंडों एवं इकाइयों को बंधक रखने की अनिवार्यता की समीक्षा और प्रक्रियाओं का दोहराव दूर करने का आग्रह किया गया। अमृत योजना की सीवेज लाइन उपलब्ध होने पर सीवेज शोधन संयंत्र की आवश्यकता तथा पर्यावरणीय स्वीकृति वाले मामलों में लागू प्रावधानों पर स्पष्ट दिशा-निर्देश माँगे गए।

नागरिकों के हितों और भोपाल के सुनियोजित विकास के लिए अवैध कॉलोनियों की पहचान, सूची के प्रकाशन, आमजन को जागरूक करने तथा नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई और नियमित निगरानी की माँग की गई।

बैठक में श्री भुवन गुप्ता, श्री देहरिया तथा क्रेडाई प्रतिनिधि श्री सुनील कुमार गुप्ता, श्री संजीव सिंह ठाकुर, श्री विपिन गोयल और श्री समीर सबरवाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने नवागत आयुक्त को राजा भोज की प्रतिमा और एक ग्रंथ भेंट किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button