मदिरा खरीदने के लिए स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य होने की खबर सही नहीं
सागर जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं जनस्वास्थ्य जागरूकता संबंधी गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जाती हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जाने वाले सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण को मदिरा क्रय करने अथवा मदिरा प्राप्त करने की प्रक्रिया से जोड़कर प्रस्तुत करना पूर्णतः भ्रामक एवं तथ्यहीन है। स्वास्थ्य परीक्षण एक सामान्य चिकित्सकीय एवं जनस्वास्थ्य संबंधी प्रक्रिया है। इसका मदिरा खरीदने से कोई संबंध नहीं है और न ही मदिरा क्रय करने से पूर्व किसी प्रकार का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य किया गया है।
मीडिया में इस स्वास्थ्य परीक्षण गतिविधि को मदिरा क्रय से जोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है, जो वास्तविक तथ्यों के अनुरूप नहीं है तथा अनावश्यक भ्रम उत्पन्न करता है।
जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं जनस्वास्थ्य जागरूकता संबंधी गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जाती हैं। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान यदि किसी व्यक्ति में आदतन या अत्यधिक मदिरा सेवन की जानकारी मिलती है, तो उसका भी आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कर उचित चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही, उसे मदिरा सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता है।
यह शासन के नशामुक्ति अभियान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का भी हिस्सा है। इसके अंतर्गत नशे से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाता है तथा उन्हें आवश्यक समझाइश एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया जाता है।


