खबर

पत्नी के छोड़कर जाने से नाराज हुआ नवविवाहित युवक, मोबाइल टावर पर चढ़ा

बिहार के पटना जिले में शुक्रवार को पत्नी के छोड़कर चले जाने से नाराज एक नवविवाहित युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि युवक की पत्नी उसके पैर में कथित तौर पर विकृति देखकर उसे छोड़कर चली गई थी। अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि पटना से लगभग 60 किलोमीटर दूर अचारा गांव में टावर पर चढ़े युवक की पहचान स्थानीय निवासी आकाश के रूप में हुई है।

सिंह ने बताया, ‘हमें सूचना मिली थी कि पत्नी से विवाद के बाद यह व्यक्ति मोबाइल टावर पर चढ़ गया है। हम स्थानीय पुलिस के साथ यहां पहुंचे हैं और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास कर रहे हैं।’ आकाश की मां सरस्वती के मुताबिक, दंपति की शादी 20 नवंबर को बाढ़ के उमनाथ धाम में हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के तीन दिन बाद लड़की के ननिहाल पक्ष के लोग उसे अपने साथ ले गए।

सरस्वती ने दावा किया कि दुल्हन के परिजन अब उसे वापस भेजने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनके बेटे के पैर में फ्रैक्चर होने के बाद उसमें धातु की छड़ डाली गई थी, जिसके कारण वह अपना एक पैर पूरी तरह मोड़ नहीं पाता है, इसी बात को लेकर लड़की के परिजन नाराज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी तय होने से पहले ही लड़के के पैर की समस्या के बारे में लड़की वालों को जानकारी दे दी गई थी, इसके बावजूद अब वे अनुचित व्यवहार कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button