मौसम अपडेट: यूपी में चली पुरवाई, तराई और पूर्वांचल में घना होगा कोहरा, बरेली में दृश्यता 50 मीटर तक सिमटी
उत्तर प्रदेश में अब ठंड का असर बढ़ने लगा है। रात के तापमान में लगातार गिरावट से कई जिलों में सर्दी बढ़ गई है। शनिवार को प्रदेश में पुरवाई चली। कानपुर, इटावा, हरदोई, अयोध्या और बस्ती में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। वहीं, पश्चिमी तराई के कई जिलों में अधिकतम तापमान भी 25 डिग्री से कम रहा। इससे रात के साथ दिन में भी ठंड का अहसास होने लगा है। कोहरे की वजह से शनिवार को बरेली में दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई।मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बने कमजोर मौसम तंत्र के असर से शनिवार से प्रदेश में पुरवाई चलने लगेगी। हवाओं के रुख में बदलाव के साथ रविवार से कोहरे का दायरा बढ़ सकता है। खासकर तराई और पूर्वांचल के जिलों में सुबह के समय कहीं-कहीं घना कोहरा छाने के आसार हैं। इससे सुबह के वक्त दृश्यता कम हो सकती है।


