भारतीय मजदूर संघ का आठवाँ त्रिवार्षिक जिला अधिवेशन सम्पन्न
अरविन्द सिंह ठाकुर बने जिलाध्यक्ष, प्रमोद सिंह राजपूत को जिला मंत्री का दायित्व
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल माध्यम से किया संबोधित, विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने भी रखे विचार
रायसेन। भारतीय मजदूर संघ जिला रायसेन का आठवाँ त्रिवार्षिक जिला अधिवेशन शनिवार को वन परिसर, रायसेन में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में जिलेभर से विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। अधिवेशन में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, श्रमिक समस्याओं पर विचार-विमर्श एवं आगामी कार्ययोजना पर चर्चा के साथ नवीन जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें अरविन्द सिंह ठाकुर को जिलाध्यक्ष तथा प्रमोद सिंह राजपूत को जिला मंत्री का दायित्व सौंपा गया।
ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम स्थल पर सर्वप्रथम भारतीय मजदूर संघ के ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। भगवान विश्वकर्मा, भारत माता एवं श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर अधिवेशन का विधिवत शुभारंभ किया गया।
आमंत्रित अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के उपरांत अधिवेशन की कार्यवाही प्रारंभ हुई।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल माध्यम से किया संबोधित
अधिवेशन को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने श्रमिकों के योगदान को राष्ट्र की आर्थिक एवं औद्योगिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का परिश्रम देश के विकास की आधारशिला है। श्रमिकों का सम्मान, उनका कल्याण और उनके हितों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भारतीय मजदूर संघ के संगठनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए श्रमिक कल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
विधायक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ने रखे विचार
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रमिक किसी भी देश और समाज की विकास यात्रा के वास्तविक आधार स्तंभ होते हैं। उद्योगों की प्रगति और राष्ट्र की समृद्धि में श्रमिकों का योगदान महत्वपूर्ण है। श्रमिकों की समस्याओं का समाधान संवाद, सहयोग और सकारात्मक प्रयासों से किया जाना चाहिए। उन्होंने भारतीय मजदूर संघ द्वारा श्रमिकों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए संगठन को शुभकामनाएं दीं।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राकेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय मजदूर संघ राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए श्रमिकों के सम्मान और कल्याण के लिए कार्य करने वाला संगठन है। संगठित श्रमिक शक्ति देश की आर्थिक मजबूती और सामाजिक समरसता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने नवीन जिला कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को और व्यापक बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ की प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीमती मेघा दुबे, विभाग प्रमुख श्री महेंद्र सोनी, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष श्री लक्ष्मण सिंह राजपूत एवं प्रदेश संगठन मंत्री श्रीमती वसुधा मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सविता जमना सेन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्रथम सत्र में अध्यक्षीय उद्बोधन एवं जिला मंत्री प्रतिवेदन
आमंत्रित अतिथियों के स्वागत के उपरांत अधिवेशन के प्रथम सत्र में अध्यक्षीय उद्बोधन हुआ तथा जिला मंत्री द्वारा कार्यकाल का संगठनात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। प्रतिवेदन में जिले में भारतीय मजदूर संघ की संगठनात्मक गतिविधियों, श्रमिक संगठनों की स्थिति, उपलब्धियों, चुनौतियों एवं आगामी कार्ययोजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया गया।
जनप्रतिनिधि संवाद सत्र में उठे श्रमिकों के मुद्दे
इसके पश्चात आयोजित जनप्रतिनिधि संवाद सत्र में जिले एवं प्रदेश स्तर की श्रमिक समस्याओं, चुनौतियों और विभिन्न विभागों से जुड़े विषयों से जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों को अवगत कराया गया। औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों को होने वाली समस्याओं, मूलभूत सुविधाओं, आवागमन, आवास, कार्यस्थल की परिस्थितियों तथा श्रमिक हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
स्नेह भोज एवं संगठनात्मक चर्चा
मध्याह्न विश्राम के दौरान सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने स्नेह भोज में सहभागिता की। इसके उपरांत संगठनात्मक चर्चा सत्र आयोजित किया गया, जिसमें संगठन की मजबूती, जिले की पंजीकृत श्रमिक यूनियनों को सक्रिय करने, सदस्यता विस्तार, नए श्रमिक क्षेत्रों तक पहुंच बनाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्ययोजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
अंतिम सत्र में नवीन जिला कार्यकारिणी की घोषणा
अधिवेशन के अंतिम सत्र में आगामी कार्यकाल के लिए नवीन जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें अरविन्द सिंह ठाकुर को जिलाध्यक्ष तथा प्रमोद सिंह राजपूत को जिला मंत्री का दायित्व सौंपा गया। नवीन दायित्व मिलने पर संगठन के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों, अतिथियों एवं प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई जिला कार्यकारिणी श्रमिकों की समस्याओं के समाधान, जिले की पंजीकृत श्रमिक यूनियनों को सक्रिय करने, नए श्रमिक क्षेत्रों तक संगठन की पहुंच बढ़ाने तथा भारतीय मजदूर संघ को जिले में और अधिक सशक्त बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी।
जिलेभर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की रही सहभागिता
जिला अधिवेशन में ब्रजेश ठाकुर, रघुवीर सिंह भदौरिया, राजेश गुप्ता, धर्मराज सिंह, शिवशान्त सिंह चौहान, जगदीश शाक्य, प्रमोद लोधी, राजेश धाकड़, रामबाबू लोधी, धीरज सिंह राजपूत, स्वदेश शाक्य, मुरारीलाल सोनी, राजकिशोर सोनी, किशोर सिंह ठाकुर, हरिप्रसाद सोनी, सूर्यप्रकाश मीणा, गिरधारीलाल शाक्य, एम.एल. राठौरिया, बी.पी. शर्मा, महाराज सिंह मीणा, नारायण सिंह ठाकुर, सुरेश ठाकुर, हेमा ठाकुर, प्रीति शर्मा, हेमलता त्रिवेदी, रामकुमार किरार अशोक कुमार व्यास, ब्रजमोहन शर्मा, जगदीश ठाकुर, भगवान सिंह ठाकुर, सत्यम शर्मा, वीरेन्द्र राजपूत, विपिन राजपूत, गिरजेश शर्मा, जिला अध्यक्ष देवेंद्र विश्वकर्मा, सरपंच संघ अध्यक्ष कमलेश ठाकुर, सुरेन्द्र ठाकुर, नीलेश पाल, सचेंद्र रघुवंशी, आनन्द सिंह ठाकुर, सुनील मेहरा, प्रकाश कौरव, राजीव पटेल, डी. रामचन्द, नरेन्द्र बाहेश्वर एवं गंगा खातकर सहित बड़ी संख्या में भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विभिन्न सम्बद्ध यूनियनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।अधिवेशन का समापन संगठन की एकजुटता, श्रमिक कल्याण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।
राष्ट्रहित | उद्योगहित | श्रमिकहित
भारतीय मजदूर संघ, जिला रायसेन (मध्यप्रदेश)





