सांची बौद्ध मेला महोत्सव में ब्रह्माकुमारीज़ की आध्यात्मिक एवं व्यसन मुक्ति प्रदर्शनी, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया लाभ

सांची। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले ऐतिहासिक सांची बौद्ध मेला महोत्सव के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा भव्य आध्यात्मिक एवं व्यसन मुक्ति प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ भोपाल जोन की निदेशिका राजयोगिनी निर्मला बहन जी के करकमलों द्वारा किया गया।
अखिल भारतीय स्वर्णकार महासभा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी तथा मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग के प्रादेशिक कार्यकारी अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस अवसर पर रायसेन केंद्र की प्रभारी शकुंतला दीदी सांची केंद्र की रीको भारती बहन सहित विभिन्न जिलों से पधारे ब्रह्माकुमारी भाई बहन उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी में आकर्षक चित्रों और जीवंत मॉडलों के माध्यम से व्यसन मुक्ति पर विशेष जनजागृति अभियान चलाया गया। तंबाकू, धूम्रपान और अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले शारीरिक व मानसिक दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से दर्शाते हुए आगंतुकों को स्वस्थ, स्वच्छ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
मेले में आए हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने प्रदर्शनी का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया और आध्यात्मिक ज्ञान व राजयोग के महत्व को समझा। इस दौरान लगभग 10,000 आध्यात्मिक पत्रकों का वितरण कर जन-जन तक आत्मचिंतन और नशामुक्त जीवन का संदेश पहुँचाया गया।
संस्थान के इस सार्थक प्रयास का मुख्य उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना जाग्रत करना तथा विशेष रूप से युवा वर्ग को व्यसनों से दूर रखकर मूल्यनिष्ठ और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देना रहा। आयोजन के माध्यम से “आध्यात्मिक जागृति से सकारात्मक परिवर्तन और व्यसनमुक्त समाज का निर्माण” का सशक्त संदेश दिया गया।
”आध्यात्मिकता मन को निर्मल बनाती है और व्यसन मुक्ति जीवन को सशक्त—जब भीतर प्रकाश जागता है, तो हर अंधकार स्वयं मिट जाता है।”—लायन अरुण कुमार सोनी




