खबरमध्य प्रदेश

भागीरथपुरा जल त्रासदी पर सपा का 10 जनवरी को इंदौर में प्रदेशव्यापी आंदोलन

इंदौर शहर में जहां दूषित जल से 20 लोगों की जानें गईं उसे कैसे 7 साल से मिलता रहा सबसे स्वच्छ शहर का अवार्ड -मनोज यादव

भोपाल ।इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित जल के कारण हुई मौतों के मामले को लेकर सियासत लगातार गरमाती जा रही है। अब समाजवादी पार्टी ने इस मुद्दे पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय भोपाल में आयोजित प्रेसवार्ता में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने घोषणा की कि 10 जनवरी को इंदौर में प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इंदौर स्थित बंगले का घेराव कर उनके इस्तीफे की मांग की जाएगी।मनोज यादव ने बताया कि इस आंदोलन में प्रदेश भर से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक दूषित पानी पीने से इंदौर में 20 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन प्रशासन वास्तविक आंकड़ों को छुपाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता मृतकों के परिजनों से मिलने उनके घर जाएंगे और उन्हें सांत्वना देंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जब इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है, तो सरकार मौतों के आंकड़े क्यों छिपा रही है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा रहे हैं। मनोज यादव ने यह भी कहा कि सरकार मृतकों के परिजनों को केवल दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने की बात कर रही है, जो नाकाफी है।समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि मृतकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए और इस मामले में दोषियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। मनोज यादव ने इस बात पर सवाल उठाया कि इंदौर शहर में जहां दूषित जल से 20 लोगों की जानें गईं उसे कैसे 7 साल से सबसे स्वच्छ शहर का अवार्ड का अवार्ड मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का नाम भारतीय झूठ पार्टी होना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button