खबरबिज़नेस

चांदी की कीमतों में 4000 रुपये का उछाल, सोना 1.61 लाख रुपये पर पहुंचा

घरेलू सर्राफा बाजार में बुधवार को तेजी दिखी। चांदी इस दौरान 4000 रुपये प्रति किलोग्राम तक मजबूत हो गई। वहीं सोने की कीमतों में भी मामूली बढ़त दर्ज की गई। आइए जानते हैं सर्राफ बाजार का विस्तृत हाल।

बुधवार को घरेलू सर्राफा बाजार में देखने को मिला। दिल्ली में चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई और यह 4,000 रुपये उछलकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई। वहीं, सोने के भाव में भी मजबूती रही और यह 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार निकल गया। बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की बढ़ती उम्मीदों और भू-राजनीतिक तनाव के कारण कीमती धातुओं में यह तेजी आई है।

घरेलू बाजार में क्या रहे भाव?
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, बुधवार को चांदी की कीमतों में 4,000 रुपये या 1.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इस उछाल के साथ चांदी 2,64,500 रुपये से बढ़कर 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।सोने की चमक भी बढ़ी है। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने में लिवाली का जोर रहा, जिससे इसके दाम 600 रुपये (0.4 प्रतिशत) बढ़कर 1,61,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गए। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,60,700 रुपये पर बंद हुआ था।फेडरल रिजर्व और अमेरिकी आंकड़ों का असर
बाजार में आई इस तेजी के पीछे अमेरिका से मिल रहे आर्थिक संकेत अहम हैं। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी एनालिस्ट सौमिल गांधी का कहना है कि सोने और चांदी की कीमतों को फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में आक्रामक कटौती की उम्मीदों से सहारा मिला है।

अमेरिका में दिसंबर महीने के खुदरा बिक्री के आंकड़े अनुमान से कमजोर रहे हैं, जो वहां उपभोक्ताओं के खर्च में कमी और आर्थिक विकास की रफ्तार धीमी होने का संकेत देते हैं। इन कमजोर आंकड़ों के बाद बाजार अब यह मानकर चल रहा है कि फेडरल रिजर्व इस साल ब्याज दरों में तीन बार कटौती कर सकता है, जबकि एक हफ्ते पहले तक केवल दो कटौती की संभावना जताई जा रही थी। ब्याज दरें कम होने का माहौल सोने और चांदी जैसी धातुओं के लिए फायदेमंद होता है, जिन पर कोई ब्याज नहीं मिलता।

वैश्विक बाजार में बड़ा उतार-चढ़ाव
वैश्विक बाजारों में भी कीमती धातुओं में भारी उछाल देखा गया। स्पॉट सिल्वर लगभग 6 प्रतिशत या 4.71 डॉलर चढ़कर 85.51 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। वहीं, सोना 1.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,078.72 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। मिराए एसेट शेयरखान के हेड ऑफ कमोडिटीज, प्रवीण सिंह के अनुसार, अमेरिकी डॉलर में आई कमजोरी ने भी सोने की कीमतों को सपोर्ट किया है। निवेशक अब अमेरिका के नॉन-फार्म पेरोल डेटा का इंतजार कर रहे हैं, जिसके आने के बाद बाजार में उतार-चढ़ाव और बढ़ने की आशंका है।

भू-राजनीतिक तनाव ने बढ़ाई सुरक्षित निवेश की मांग
आर्थिक कारणों के अलावा, दुनिया में बढ़ते तनाव ने भी निवेशकों को सुरक्षित निवेश की ओर मोड़ा है। खबरों के मुताबिक, वाशिंगटन ईरानी क्रूड ले जाने वाले टैंकरों को रोकने पर विचार कर रहा है और अगर परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत विफल होती है, तो अतिरिक्त नौसैनिक बेड़े तैनात किए जा सकते हैं। इस तनावपूर्ण माहौल के कारण भी सोने और चांदी की मांग में तेजी देखी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button