रायपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्के घर का सपना पूरा हुआ
रायपुर, 11 फरवरी 2026

दुर्ग जिले के धमधा विकासखंड के ग्राम बिरझापुर निवासी श्री राजकुमार के लिए पक्का घर एक सपना था। मिट्टी की दीवारों और खपरैल की छत वाला उनका कच्चा मकान बरसात के दिनों में गंभीर चिंता का कारण बन जाता था। सीमित आय के कारण बड़ी मुश्किल से जीवन यापन हो पा रहा था। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण न पक्का घर बनाने की बात सोचना भी दिवास्वप्न था।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन किया और चयनित होने की सूचना ने उनके जीवन में नई आशा का संचार किया। शासन से प्राप्त सहायता राशि एवं ग्राम पंचायत के मार्गदर्शन में उन्होंने आवास निर्माण प्रारंभ किया। प्रथम किश्त से नींव, द्वितीय से दीवारें तथा तृतीय किश्त से मकान पूर्ण आकार में तैयार हुआ। महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत 90 दिवस की मजदूरी राशि 21,870 रुपये प्राप्त होने से निर्माण कार्य में सहयोग मिला। इसके अतिरिक्त उनके परिवार को उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन, विद्युत कनेक्शन तथा नल-जल योजना से घर तक स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध हुई। आज उनका परिवार पक्के एवं सुरक्षित आवास में निवास कर रहा है। श्री राजकुमार ने इसके लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री प्रति आभार व्यक्त किया है।


