खबरमध्य प्रदेश

विश्व रेडियो दिवस पर आकाशवाणी के कार्यों की सराहना, महाकाल की राजसी सवारी के प्रसारण के लिए टीम सम्मानित.

विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर रेडियो प्रसारण से जुड़े कार्यों की सराहना करते हुए उज्जैन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आकाशवाणी की टीम को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उज्जैन आकाशवाणी से “महाकाल की राजसी सवारी” के प्रसारण की शुरुआत को जनता के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और इस आयोजन का मध्यप्रदेश स्तर पर लगातार लगभग 5 घंटे 30 मिनट तक आँखों देखा हाल प्रसारित करने पर आकाशवाणी की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस उत्कृष्ट प्रसारण कार्य के लिए प्रसारण से जुड़े कार्मिकों को सर्टिफिकेट और मेडल देकर सम्मानित किया गया। आकावाणी की ओर से ये प्रमाणपत्र सेल्स सेंटर के प्रमुख आनंद सिंह उद्दे ने प्राप्त किया.

इस विशेष प्रसारण का निर्माण आकाशवाणी इंदौर से किया गया, जिसमें तत्कालीन कार्यक्रम प्रमुख ब्रह्म प्रकाश चतुर्वेदी, उद्घोषक संजीव मालवीय, सुधा शर्मा तथा आकाशवाणी उज्जैन की अनामिका चक्रवर्ती, सौरभ अवस्थी सहित अनेक सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस कार्यक्रम का राज्य-स्तरीय प्रसारण आकाशवाणी भोपाल से किया गया, जिसमें कार्यक्रम प्रमुख राजेश भट्ट के नेतृत्व में आकाशवाणी भोपाल की प्रसारण टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इसी क्रम में विश्व रेडियो दिवस पर रायपुर में आकाशवाणी महानिदेशालय द्वारा आयोजित एक भव्य और प्रतिष्ठित कार्यक्रम में महानिदेशक राजीव जैन ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के रेडियो स्टेशनों की राजस्व प्राप्ति की स्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की । अतिरिक्त महानिदेशक महोदय ने भी सेल्स सेंटर के कार्यों और राजस्व स्थिति की सराहना की। इस अवसर पर महानिदेशक ने मोमेंटो प्रदान कर भोपाल आकाशवाणी के सेल्स हेड आनंद सिंह उद्दे को सम्मानित किया।

उल्लेखनीय है कि CBS भोपाल मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के 27 आकाशवाणी केंद्रों के लिए राजस्व अर्जन और विज्ञापन प्रसारण के प्रबंधन का कार्य करता है। साथ ही आकाशवाणी भोपाल मध्यप्रदेश शासन की जनकल्याणकारी नीतियों के प्रचार-प्रसार में अग्रणी भूमिका निभा रहा है, जिससे प्रसार भारती को राजस्व प्राप्त हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button