खबरमध्य प्रदेश

आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टी.टी. नगर में शिक्षक सम्मान समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न

आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टी.टी. नगर, भोपाल में शिक्षक सम्मान समारोह गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों तथा विभिन्न सहशैक्षणिक एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रेखा शर्मा ने की। इस अवसर पर उपप्राचार्य डॉ. ममता दीक्षित एवं हेडमिस्ट्रेस श्रीमती विमला मिंज की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में तीनों ने अपने उद्बोधन के माध्यम से शिक्षकों के समर्पण, निरंतर परिश्रम एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनकी भूमिका को रेखांकित किया।

विद्यालय को उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में स्थापित करने एवं देश के अग्रणी विद्यालयों में शुमार कराने हेतु प्राचार्य महोदया श्रीमती रेखा शर्मा के अथक प्रयासों एवं समर्पण को दृष्टिगत रखते हुए, समारोह में उन्हें, उप-प्राचार्य डॉ. ममता दीक्षित एवं हेडमिस्ट्रेस श्रीमती विमला मिंज के साथ विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में जिला प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी के शिक्षकों के सम्मान से हुआ। इसके पश्चात उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए NEET में चयनित विद्यार्थियों तथा Olympiad में चयनित विद्यार्थियों के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की इन महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शिक्षकों के मार्गदर्शन, विषयगत तैयारी एवं सतत प्रयासों के लिए उन्हें सम्मान प्रदान किया गया।

इसके बाद विद्यालय के ऐसे शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने नियमित अध्यापन के साथ-साथ विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उल्लेखनीय योगदान दिया। इनमें खेल, कला, सांस्कृतिक गतिविधियों, बैंड एवं काउंसलिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक शामिल रहे।
इसके पश्चात स्थानीय कक्षाओं एवं बोर्ड कक्षाओं में विद्यार्थियों द्वारा अपने-अपने विषयों में प्राप्त उत्कृष्ट अंकों के आधार पर शिक्षकों का सम्मान किया गया। 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के विषय-शिक्षकों, तत्पश्चात 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के शिक्षकों तथा इसके बाद 95 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में शिक्षकों के योगदान एवं उनके सतत प्रयासों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की परंपरा का निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय को कॉर्डलेस माइक एवं स्पीकर्स भेंट किए गए। विद्यार्थियों द्वारा अपनी ओर से विद्यालय को दिया गया यह उपहार उनके विद्यालय के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं आत्मीय जुड़ाव की भावना को अभिव्यक्त करता है।

समारोह में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां भी दी गईं। विद्यार्थियों ने बांसुरी वादन,गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी बहुआयामी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों ने समारोह के वातावरण को उत्साहपूर्ण एवं आकर्षक बना दिया।

कार्यक्रम ने विद्यालय की उस समृद्ध परंपरा को रेखांकित किया, जिसमें शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेल, कला, संस्कृति, काउंसलिंग एवं अन्य क्षेत्रों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान देने वाले शिक्षकों के प्रयासों को समान रूप से महत्व एवं सम्मान दिया जाता है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रेखा शर्मा ने अपने उद्बोधन में विद्यालय की निरंतर उत्कृष्ट उपलब्धियों का श्रेय शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की मेहनत और सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य केवल बेहतर परिणाम प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी को उसकी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। उनके कुशल नेतृत्व में विद्यालय ने शैक्षणिक क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है तथा प्रतिवर्ष उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे इसी समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करते रहें। प्राचार्य का प्रेरणादायी एवं प्रभावशाली उद्बोधन उपस्थित शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के लिए उत्साहवर्धक रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रेखा शर्मा ने की, तथा उप-प्राचार्य डॉ. ममता दीक्षित एवं हेड मिस्ट्रेस विमला मिंज की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के सम्मान समारोह का संचालन शबनम खान द्वारा किया गया, जबकि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का निर्देशन एवं संयोजन सांस्कृतिक प्रभारी श्रीमती पुष्पलता मरावी द्वारा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button