खबरहेल्थ

35 के बाद महिलाओं को अपनी डाइट में किन चीजों को शामिल करना चाहिए?

35 की उम्र के बाद महिलाओं के शरीर में कई बदलाव होने लगते हैं. ऐसे में डाइट पर ध्यान देना बेहद जरूरी हो जाता है. आइए, डॉ. एल. एच. घोटेकर से जानते हैं कि इस उम्र में महिलाओं को अपनी डाइट में किन चीजों को शामिल करना चाहिए.

35 की उम्र के बाद महिलाओं के शरीर में कई हॉर्मोनल बदलाव शुरू हो जाते हैं. मेटाबॉलिज्म धीरे-धीरे कम होने लगता है और वजन बढ़ने की संभावना बढ़ जाती है. इस उम्र के बाद थायरॉइड असंतुलन, एनीमिया, हड्डियों की कमजोरी, विटामिन डी और बी12 की कमी, हाई बीपी, डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. कई महिलाओं में पीसीओएस, अनियमित पीरियड्स या प्री-मेनोपॉज के लक्षण भी दिखने लगते हैं.

अगर इस समय खानपान संतुलित न हो, तो आगे चलकर दिल की बीमारियों और ऑस्टियोपोरोसिस का जोखिम भी बढ़ सकता है. ऐसे में 35 के बाद डाइट पर विशेष ध्यान देना जरूरी है, ताकि शरीर को जरूरी पोषण मिलता रहे और भविष्य की बीमारियों से बचाव किया जा सके. सही समय पर सही खानपान अपनाने से एनर्जी बनी रहती है और शरीर लंबे समय तक स्वस्थ रह सकता है. आइए जानते हैं कि इस उम्र में डाइट में क्या चीजें शामिल करनी चाहिए.

डाइट में किन चीजों को शामिल करना चाहिए?

लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग में डायरेक्टर एचओडी डॉ. एल.एच. घोटेकर बताते हैं कि 35 के बाद महिलाओं को अपनी डाइट में संतुलित और पोषक तत्वों से भरपूर भोजन शामिल करना चाहिए. रोजाना प्रोटीन का सेवन बढ़ाएं, जैसे दालें, पनीर, अंडा, सोया और चना, ताकि मांसपेशियां मजबूत रहें. कैल्शियम से भरपूर चीजें जैसे दूध, दही, तिल और रागी हड्डियों के लिए जरूरी हैं.

आयरन के लिए हरी पत्तेदार सब्जियां, अनार, चुकंदर और गुड़ फायदेमंद हैं. साबुत अनाज, ओट्स और फल फाइबर देते हैं, जिससे पाचन बेहतर रहता है और शुगर कंट्रोल में रहती है. ओमेगा-3 के लिए अखरोट और अलसी शामिल करें. विटामिन डी के लिए धूप लें और जरूरत हो तो डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट लें. पर्याप्त पानी पीना भी जरूरी है.

क्या चीजें नहीं खानी चाहिए?

इस उम्र के बाद बहुत ज्यादा तला-भुना, प्रोसेस्ड और जंक फूड से दूरी बनानी चाहिए. अधिक चीनी और नमक का सेवन कम करें, क्योंकि इससे वजन, बीपी और शुगर बढ़ सकती है. ज्यादा मीठे पेय और पैकेट वाले स्नैक्स से बचें. बार-बार बाहर का खाना खाने से भी सेहत पर नकारात्मक असर पड़ सकता है. संतुलन बनाए रखना ही सबसे जरूरी है.

ये भी जानें

35 के बाद सिर्फ डाइट ही नहीं, बल्कि लाइफस्टाइल भी अहम भूमिका निभाती है. रोजाना कम से कम 30 मिनट व्यायाम या तेज चलना फायदेमंद है. पर्याप्त नींद लें और तनाव कम करने की कोशिश करें. समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराना भी जरूरी है. सही खानपान और एक्टिव लाइफस्टाइल से लंबे समय तक स्वस्थ रहा जा सकता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button