खेल
इब्राहिम जादरान ने तोड़ा रिकॉर्ड, सुपर-8 से चूके अफगानिस्तान ने कोच को दी जीत से विदाई
अफगानिस्तान ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने सफर का अंत जीत से किया है. उसने कनाडा को हराते हुए अपने कोच जोनाथन ट्रॉट को भी जीत वाली विदाई दी.


अफगानिस्तान ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने आखिरी मैच में बड़ी जीत दर्ज की है. उसने कनाडा को 82 रन से हराया है. इसी के साथ टूर्नामेंट में अपने सफर को तो उसने जीत के साथ अलविदा कहा ही, उसके अलावा अपने कोच जोनाथन ट्रॉट को भी जीत वाली विदाई दी. कनाडा के खिलाफ मिली जीत के हीरो इब्राहिम जादरान रहे, जिन्होंने अपने प्लेयर ऑफ द मैच के मेडल को कोच जोनाथन ट्रॉट को डेडिकेट किया.
अफगानिस्तान ने कनाडा को 82 रन से हराया
ग्रुप D के आखिरी मैच में अफगानिस्तान ने कनाडा के सामने जीत के लिए 201 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा था. इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए कनाडा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 118 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई. इस हार के साथ कनाडा उन टीमों में रह गई, जिसने टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं जीता. वहीं अफगानिस्तान ने ग्रुप स्टेज पर खेले अपने 4 मैचों में दूसरी जीत दर्ज की.



