स्पेक्ट्रम 2026 मिडनाइट कार्निवल में 36 मॉडल्स ने रैंप पर किया अद्वितीय वस्त्रों का प्रदर्शन


भोपाल। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट), भोपाल ने 21 फ़रवरी 2026, शाम 6 बजे से आयोजित किया अपना स्टूडेंट एनुअल फेस्ट स्पेक्ट्रम 2026 – *“ मिडनाइट कार्निवल”*। इस थीम का आधार यह विचार है कि आधी रात को यह कार्निवल एक जादुई पोर्टल में बदल जाता है, जो आगंतुकों को साहस, आनंद और आत्म-खोज की एक अद्भुत यात्रा पर ले जाता है। इसमें 36 मॉडल्स ने रैंप पर अपने अनूठे परिधानों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन निदेशक – अखिल सहाय, के द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि विकास मिश्रा, आईएएस (अतिरिक्त सचिव एवं आयुक्त योजना, मध्य प्रदेश सरकार) ने अपने प्रेरणादायक शब्दों से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया – “मैं भारत की वर्तमान अर्थव्यवस्था और उसमें निफ्ट की भूमिका के बारे में सोच रहा था। मुझे लगता है कि निफ्ट उत्कृष्ट एंटरप्रेन्योर्स और डिजाइनरों को तैयार करके इसमें महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है, और मुझे आशा है कि यह भूमिका भारी मात्रा में जारी रहेगी”।
विशिष्ट अतिथि के रूप में आए श्री कपिल कुमार अग्रवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी – सागर मैन्युफैक्चरर्स प्राइवेट लिमिटेड। उन्होंने वैश्विक बाजारों और अमेरिका के साथ भारत के हालिया व्यापारिक घटनाक्रमों पर चर्चा की। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों से अपने भीतर एक व्यापक दृष्टिकोण विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने वैश्विक ब्रांडों के साथ काम करने का अपना अनुभव साझा किया और विश्वास व्यक्त किया कि निफ्ट के छात्र भारत के आर्थिक विकास में और भी अधिक योगदान दे सकेंगे।
जूरी मेंबर्स के तौर पर आए श्वेता पंड्या, फाउंडर: द इंडियन क्राफ्ट स्टोरी, और शिवांगी अग्रवाल, फाउंडर और डिज़ाइनर: अनबेंट ज्वेलरी, एवं स्नेहा उमरवानी, फैशन एंटरप्रेन्योर: पारस लाइफस्टाइल।
मिडनाइट कार्निवल के कुल तीन राउंड्स में प्रदर्शित हुए विद्यार्थियों द्वारा डिज़ाइन की गई वेशभूषा। पहले दौर का विषय था – *”फ़ौना एन फिएस्ता”* (Fauna en Fiesta), जिसका मार्गदर्शन सुश्री चेतना पटियाल (सहायक प्राध्यापक) ने किया। यह विषय विदेशी वन्यजीवों, भव्य सौंदर्यशास्त्र और विलासिता से प्रेरित है। इस दौर में कुल 8 टीमों और 8 मॉडलों ने भाग लिया।

दूसरे दौर का विषय था – *”एशेज़ ऑफ़ एम्यूजमेंट”*(Ashes of Amusement)। इसका मार्गदर्शन श्री अयान तिवारी (सह प्राध्यापक) ने किया। इस दौर की प्रेरणा कार्निवल के समापन के बाद की स्थिति से ली गई थी, और “पोएट्स ऑफ़ द फॉल” नामक एक संगीत मंडली का गाना “कार्निवल ऑफ़ रस्ट” था। इस दौर में कुल 12 टीमों और 12 मॉडलों ने भाग लिया।
अंतिम दौर का विषय था *”द ग्रेटेस्ट शोमैन”* (The Greatest Showman)। इस दौर का मार्गदर्शन डॉ. सुप्रिया यादव (सह प्राध्यापक) ने किया। इस विषय ने कार्निवल के समापन और शोमैन के आश्चर्यों से भरे भव्य अंतिम प्रदर्शन से प्रेरणा ली।
इस इवेंट में मॉडल और डिज़ाइनर के तौर पे पहली बार काम करने वाले एक प्रतिभागी, मन्नत मेहता (प्रथम वर्ष की छात्रा) से पूछने पर उन्होंने बताया – “एक डिज़ाइनर के तौर पर, यह एक भावनात्मक सफर था। मेरे लिए यह एक मिला-जुला अनुभव रहा, क्योंकि इस पूरी प्रक्रिया में हमने कई उतार-चढ़ाव देखे। इससे मुझे उद्योग का व्यावहारिक अनुभव भी मिला। एक मॉडल के तौर पर, यह व्यस्तता भरा लेकिन मजेदार अनुभव था, और मैंने वरिष्ठों और साथियों के साथ साथ में काम किया”।
हमने कृतिका और अभिरम नाम के दो अन्य डिजाइनरों से उनके डिजाइन के बारे में पूछा – “हम 6 लोगों की टीम हैं। इस परिधान को तैयार करने में हमें दो सप्ताह लगे। हमने पॉलिएस्टर कपड़ा, धातु का तार, जीआई तार, प्लास्टिक की गेंदें, चेन आदि सामग्री का उपयोग किया है। हमने सर्कस टेंट से प्रेरणा ली और हिंडोलों के प्रमुख रंग लाल और सफेद लिए”।
आज के फैशन शो के हर राउंड के विजेताओं के साथ पहले दिन के खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के विजेताओं को भी कार्यक्रमों के अंत में मेडल्स, ट्रॉफीज़ और सर्टिफिकेट्स से सम्मानित किया गया।
इस उत्सव का आयोजन छात्र विकास गतिविधि समन्वयकों (एसडीएस) — सुश्री बैसाखी दलपति (सह प्राध्यापक) और श्री मोहम्मद रिजवान अहमद (सह प्राध्यापक), डॉ. देबोज्योति गांगुली (परिसर शैक्षणिक समन्वयक) एवं एसडीएसी के 6 क्लबों के अध्यक्षों और सचिवों के द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम की शानदार सफलता संकाय, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों के बीच के बेहतरीन तालमेल और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।



