आर्मी में तैनात पति दहेज के लिए करता था प्रताड़ित, महिला ने जहर खाकर किया सुसाइड; वीडियो बनाकर ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप
जालंधर में एक महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. सुसाइड से पहले उसने सोशल मीडिया पर लाइव आकर पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.


पंजाब के जालंधर जिले के लाडोवाली रोड स्थित अर्जुन नगर में एक महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. महिला ने सुसाइड से पहले सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने पति और ससुरालवालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है. मृतका की पहचान अर्जुन नगर निवासी पूजा के रूप में हुई है. रिश्तेदारों ने सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर परिवार को सूचित किया. इसके बाद पूजा को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
अर्जुन नगर के रहने वाले रमेश कालिया ने बताया कि उनकी बेटी पूजा की शादी 18 अप्रैल 2024 को अमृतसर जिले के रमेश नगर के रहने वाले आर्मी में तैनात क्लर्क हरीश के साथ हुई थी. पिता ने आरोप लगाया है कि शादी कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था. इस संबंध में उन्होंने पुलिस में शिकायत भी की थी. उनका दामाद हरीश तलाक लेना चाहता था, जबकि बेटी पूजा इसके लिए तैयार नहीं थी. वह उसके पति के साथ रहना चाहती थी.


