एनसीईआरटी के क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान, भोपाल में शोध और अनुसंधान के पारिस्थितिक तंत्र का निर्माण हो रहा है।


एनसीईआरटी के क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान, भोपाल में शोध और अनुसंधान के पारिस्थितिक तंत्र का निर्माण हो रहा है। यही कारण है कि एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गणित और पर्यावरण को एक साथ जोड़ते हुए विकसित एक अभिनव बोर्ड गेम को संस्थान में पदस्थ गणित के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रजत कौशिक और रसायन विज्ञान की प्रोफेसर चित्रा सिंह द्वारा फाइल एक डिजाइन पेटेंट हाल ही में ग्रांट हुआ है। भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय द्वारा 22 जनवरी 2026 को डिज़ाइन संख्या 488165-001 के अंतर्गत इस बोर्ड गेम का पंजीकरण किया गया l इसके पहले 27 अगस्त 2024 को शारीरिक शिक्षा विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. त्रिलोकी प्रसाद और उनकी टीम ने बॉडी- मास इंडेक्स के अनुपात में शारीरिक संरचना के अनुसार कुर्सी और जूतों के निर्माण में काम आने वाली तकनीक आधारित एंथ्रोपोमेट्री बॉक्स का डिजाइन पेटेंट संख्या-428291-001 को मंजूर कराने में सफलता प्राप्त की थी।
संस्थान के प्राचार्य प्रो. शिव कुमार गुप्ता ने संकाय सदस्यों की इस यह उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है। डीन अकादमिक प्रो. जयदीप मंडल और गणित व विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो अश्वनी गर्ग ने बताया की इस उपलब्धि से न केवल संस्थान में शोध और अनुसंधान के वातावरण का सृजन होगा अपितु शैक्षणिक नवाचार के अभिनव प्रयोगों को आगे बढ़ाने में प्रेरणा प्राप्त होगी। डॉ रजत कौशिक ने बताया की इस बोर्ड गेम से पर्यावरणीय शिक्षा को रोचक और प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ी मदद मिलेगी। यह बोर्ड गेम विद्यार्थियों को AQI, वायु प्रदूषण के स्तर, डेटा विश्लेषण अवधारणाओं को खेल-आधारित गतिविधियों के माध्यम से समझने का अवसर देता है। इसमें गणितीय समस्याओं को वास्तविक पर्यावरणीय परिदृश्यों से जोड़कर प्रस्तुत किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों में तार्किक सोच और विश्लेषणात्मक क्षमता का विकास होता है।
यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुभवात्मक अधिगम (experiential learning), कौशल-आधारित शिक्षा और बहु-विषयक दृष्टिकोण के सिद्धांतों के अनुरूप है। साथ ही, NCF-SE में वर्णित समग्र एवं एकीकृत शिक्षण पद्धति को भी सुदृढ़ करती है। खेल के माध्यम से सीखना विद्यार्थियों में सक्रिय भागीदारी, समस्या समाधान क्षमता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देता है।
यह डिज़ाइन पेटेंट शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नवाचार का प्रेरक उदाहरण है, जो भविष्य की पीढ़ी को जागरूक, संवेदनशील और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।ध


