खबरमध्य प्रदेश

रंगपंचमी की गेर को लेकर इंदौर में ट्रैफिक प्लान: सुबह 6 बजे से राजवाड़ा पूरी तरह बंद, एंबुलेंस समेत इन वाहनों को रहेगी छूट

 देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की ऐतिहासिक रंगपंचमी गेर को देखते हुए शहर में बड़ा ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। 8 मार्च को होने वाली पारंपरिक गेर के कारण राजवाड़ा और आसपास के पूरे इलाके में सुबह 6 बजे से सभी तरह के वाहनों की एंट्री और पार्किंग पर पूरी तरह रोक रहेगी।

प्रशासन का कहना है कि गेर के दौरान हजारों लोगों की भीड़ उमड़ती है, इसलिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे गेर मार्ग को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है। गेर में शामिल होने वाले वाहनों को छोड़कर किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा।

इन मार्गों पर पूरी तरह रहेगा प्रतिबंध

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार हैमिल्टन रोड, फ्रूट मार्केट से राजवाड़ा, संजय सेतु से मृगनयनी और नंदलालपुरा, इमली बाजार से राजवाड़ा, बड़वाली चौकी से गोराकुंड, यशवंत रोड चौराहा, मच्छी बाजार, रामलक्ष्मण बाजार, पीपली बाजार, नरसिंह बाजार, नया पीठा, बियाबानी, मालगंज, इतवारिया, कांच मंदिर, जवाहर मार्ग और निहालपुरा क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन इलाकों की गली-गली तक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी ताकि गेर के दौरान भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

बस और लोडिंग वाहनों पर भी रोक

राजवाड़ा और जवाहर मार्ग क्षेत्र में सिटी बसों और सभी प्रकार के लोडिंग वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। बसों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा। सिटी बस और अन्य वाहन मृगनयनी, सुभाष मार्ग, गंगवाल बस स्टैंड, महू नाका, पलसीकर चौराहा, टावर चौराहा और भंवरकुआं के रास्ते आ-जा सकेंगे। भीड़ ज्यादा होने पर प्रतिबंध रीगल चौराहा, पटेल प्रतिमा, कलेक्ट्रेट और वायरलेस चौराहा तक भी बढ़ाया जा सकता है।

चार पहिया वाहनों की एंट्री भी बंद

संजय सेतु से राजमोहल्ला, नगर निगम से बड़ा गणपति, हरसिद्धि से यशवंत रोड और नया पीठा से नरसिंह बाजार की ओर चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

शहर में कई जगह डायवर्शन

गेर मार्ग बड़ा गणपति से कृष्णपुरा छत्री, नंदलालपुरा से राजमोहल्ला और राजवाड़ा के आसपास के बाजार जैसे सराफा, बरतन बाजार, इमामबाड़ा और कपड़ा मार्केट में वाहनों की आवाजाही और पार्किंग पूरी तरह बंद रहेगी।

मृगनयनी से कलेक्ट्रेट जाने वाले वाहन संजय सेतु, चंद्रभागा, पंढरीनाथ थाना और जेएमवी रोड से जा सकेंगे।
मच्छी बाजार से जाने वाले वाहन कड़ाव घाट, दरगाह चौराहा, बियाबानी और गंगवाल बस स्टैंड से आगे बढ़ेंगे।
बड़ा गणपति से आगे जाने वाले वाहनों को वायरलेस तिराहा, किला मैदान, महेश गार्ड और मरीमाता की ओर मोड़ा जाएगा।

गेर में शामिल होने वालों के लिए पार्किंग

गेर में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों के लिए संजय सेतु रिवर साइड पार्किंग, पुराना प्रेमसुख टॉकीज मल्टीलेवल पार्किंग, कड़ाव घाट पार्किंग, जिंसी हाट मैदान, मल्हार आश्रम रामबाग, हरसिद्धि मंदिर, खालसा स्टेडियम और मालगंज सब्जी मंडी में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

सुबह 6 बजे से लागू होगा डायवर्शन

यह पूरा ट्रैफिक प्लान 8 मार्च सुबह 6 बजे से गेर समाप्त होने तक लागू रहेगा। प्रशासन ने साफ कहा है कि भीड़ की स्थिति के अनुसार डायवर्शन में बदलाव भी किया जा सकता है। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों को पूरी छूट रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button