एजुकेशनमध्य प्रदेश

हिंदी को वैश्विक मंच देने की दिशा में विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2026

भारत सहित 70 से अधिक देशों में 14 से 30 सितंबर तक होगा आयोजन

भोपाल। हिंदी भाषा के वैश्विक प्रचार-प्रसार, भारतीय भाषाई-सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा नई पीढ़ी को हिंदी से जोड़ने के उद्देश्य से विश्व रंग फाउंडेशन (भारत) एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2026 का आयोजन किया जा रहा है। ओलंपियाड का आयोजन 14 सितंबर (हिंदी दिवस) से 30 सितंबर (अंतरराष्ट्रीय अनुवाद दिवस) तक भारत सहित दुनिया के 70 से अधिक देशों में किया जाएगा।
विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड का उद्देश्य हिंदी को केवल एक विषय के रूप में नहीं, बल्कि वैश्विक संवाद, साहित्य, संस्कृति और ज्ञान की महत्वपूर्ण भाषा के रूप में नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। ओलंपियाड के माध्यम से विभिन्न देशों में हिंदी सीखने और पढ़ाने वाले विद्यार्थियों को एक साझा अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

छह स्तरों पर विद्यार्थी ले सकेंगे भाग
विश्व रंग के निदेशक एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे ने बताया कि ओलंपियाड में भारत में कक्षा 1 से स्नातकोत्तर स्तर तक तथा विदेशों में लेवल 1 से लेवल 6 तक के विद्यार्थियों को छह अलग-अलग स्तरों पर भागीदारी का अवसर मिलेगा। ओलंपियाड के माध्यम से भारत और विदेशों में हिंदी पढ़ने, बोलने, समझने और लिखने वाले विद्यार्थियों को एक साझा वैश्विक मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड अपने व्यापक स्वरूप के माध्यम से हिंदी को विश्व स्तर पर नई पीढ़ी से जोड़ने का महत्वपूर्ण अभियान है। भारत में विद्यालय स्तर की परीक्षा कक्षा 1 से 12 तक तथा महाविद्यालय स्तर की परीक्षा स्नातक एवं स्नातकोत्तर श्रेणियों में ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतियोगिता ऑनलाइन माध्यम से आयोजित होगी।

एक करोड़ रुपये के पुरस्कार, सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र
ओलंपियाड में विजेताओं के लिए कुल एक करोड़ रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि रखी गई है। इसके अलावा ओलंपियाड में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अपनी भाषाई दक्षता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

रजिस्ट्रेशन के लिए संपर्क

विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2026 के लिए केंद्रों, संस्थाओं और विद्यार्थियों का पंजीकरण 15 जून 2026 से प्रारंभ हो चुका है। विद्यार्थी प्रतिभागिता के लिए लिंक – https://student.vishwarang.com/programme पर रजिस्टर करें।
भारत में पंजीकरण एवं जानकारी के लिए: श्री राजेश पंडा: 0755-2432812, +91 9826352299, डॉ. गायत्री राजपूत: +91 9424476502, श्री दिनेश लोहानी: +91 9826952128 और अंतरराष्ट्रीय संपर्क के लिए: डॉ. जवाहर कर्नावट: +91 7506378525, डॉ. अरुण पाण्डेय: +91 8698148708 से संपर्क किया जा सकता है अथवा ई-मेल: hindiolympiad@vishwarang.com पर करें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button