एजुकेशनमध्य प्रदेश

रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में 27 अगस्त को होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

27 अगस्त को देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन, आरएनटीयू को मिला कार्यक्रम की मेजबानी का मौका, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

रायसेन। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त 2026 को देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न स्थानों से जुड़े 1,500 से अधिक युवाओं, खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय को भी इस कार्यक्रम की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। इस कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। जिसमें आरएनटीयू की प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, मेरा युवा भारत, रायसेन की डिप्टी डायरेक्टर मोनिका चौधरी और विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी शामिल रहीं। बताया गया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, खेलों के क्षेत्र में हो रहे बदलाव एवं विकास से अवगत कराना और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

आपको बता दें कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का युवाओं, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद होगा। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस संदेश के प्रमुख अंशों का प्रसारण भी किया जाएगा, जिसमें देश की युवा शक्ति और खेल पारिस्थितिकी तंत्र में हो रहे सकारात्मक और क्रांतिकारी बदलावों को रेखांकित किया जाएगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मेरा युवा भारत रायसेन, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की जाएगी।

आरएनटीयू की प्रो चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का युवाओं, खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों से संवाद उन्हें खेलों के क्षेत्र में नई संभावनाओं और अवसरों के प्रति प्रेरित करेगा। आरएनटीयू इस महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी को गौरव का अवसर मानता है और युवाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मोनिका चौधरी ने बताया कि इसी क्रम में रायसेन जिले में भी जिला स्तरीय ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, युवा स्वयंसेवकों, खेल प्रेमियों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जी के वर्चुअल संबोधन के पश्चात युवाओं के साथ भौतिक परिचर्चा एवं संवाद आयोजित किया जाएगा, जिसमें खेल एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर युवाओं के विचार एवं सुझाव लिए जाएंगे।

जिला स्तरीय आयोजन में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक, विद्यार्थी, खिलाड़ी, युवा प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं खेल प्रेमी सक्रिय रूप से भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को केवल खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करना ही नहीं, बल्कि खेलों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना भी है।

वहीं विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि आरएनटीयू में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम विद्यार्थियों और युवा प्रतिभाओं को प्रधानमंत्री के विचारों से सीधे जुड़ने तथा खेल एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर संवाद करने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं युवाओं से उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button