महाकाल की भस्म आरती में उमड़ी भक्तों की भीड़, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
बारह ज्योतिर्लिंगों का पूजन-अभिषेक, उज्जैन की तर्ज पर हुआ भव्य आयोजन

भोपाल। अशोका गार्डन स्थित सुभाष कॉलोनी के मां भवानी शिव हनुमान मंदिर में श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर बाबा महाकालेश्वर की भव्य भस्म आरती का आयोजन किया गया। उज्जैन की तर्ज पर आयोजित इस विशेष भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान मंदिर परिसर ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा।
दादाजी धाम के पंडित पूज्य पंकज शर्मा जी के सानिध्य में उज्जैन से आए विद्वान ब्राह्मणों द्वारा पार्थिव महाकालेश्वर की भस्म आरती विधि-विधान से संपन्न कराई गई। भोलेनाथ का आशीर्वाद लेने मंत्री विश्वास सारंग, सांसद आलोक शर्मा, मप्र परशुराम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पं. विष्णु राजौरिया, विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी एवं पूर्व नगर निगम अध्यक्ष कैलाश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
श्रावण मास के पूरे महीने मंदिर में पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन एवं अभिषेक का अनुष्ठान चल रहा है। अंतिम सोमवार को भक्तों द्वारा सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों के निर्माण के साथ ही भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों का भी निर्माण कर विधि-विधान से पूजन एवं अभिषेक किया गया।
भस्म आरती से पूर्व बाबा महाकाल का जल से स्नान कराया गया। इसके बाद महापंचामृत अभिषेक के साथ दूध, दही, घी, शहद एवं फलों के रस से अभिषेक किया गया। तत्पश्चात बाबा को भस्म अर्पित की गई। भस्म श्रृंगार के बाद झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के बीच भव्य भस्म आरती संपन्न हुई। पूजन-अभिषेक में मुख्य यजमान डॉ श्रीकांत अवस्थी रहे।
पंडित राकेश चतुर्वेदी ने बताया कि श्रावण मास भगवान भोलेनाथ को अत्यंत प्रिय माना गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस पवित्र माह में भगवान शिव की आराधना करने से भक्तों को सुख-शांति प्राप्त होती है और कष्टों से मुक्ति मिलती है। उन्होंने बताया कि श्रावण मास के अंतिम सोमवार को बारह ज्योतिर्लिंगों के निर्माण, पूजन-अभिषेक एवं बाबा महाकाल की विशेष भस्म आरती का आयोजन पंकज शर्मा गुरुजी के सानिध्य में पिछले पांच वर्षों से लगातार किया जा रहा है।
मंदिर में प्रतिवर्ष होने वाले इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की कतारें लगी रहीं और पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं उत्साह का वातावरण बना रहा।
आज होगा बारह ज्योतिर्लिंगों का नगर भ्रमण
मंगलवार को बाबा महाकाल सहित सभी बारह ज्योतिर्लिंगों के श्रद्धालुओं को दर्शन कराए जाएंगे तथा उनका नगर भ्रमण भी कराया जाएगा।




