शिक्षा के मंदिर में राजशाही! मैडम ने मासूम छात्राओं से करवाई मसाज, हांथ और बेलन मालिश करते रहे बच्चे


सतना। Lady Teacher School Massage Video Viral: मध्य प्रदेश के चित्रकूट में शिक्षा के मंदिर में मसाज कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां सरकारी स्कूल में प्रधानाध्यापिका ने छात्राओं से अपनी मालिश करवाई। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। घटना कर्वी के नया बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय की है।
चटाई बिछाकर मसाज करवाती रही मैडम
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूल की फर्श पर चटाई बिछी हुई है और कुछ छात्राएं प्रधानाध्यापिका का मसाज कर रही हैं। इस दौरान वह आराम से लेटी हुई नजर आ रही हैं। महिला का नाम मधु कुमारी बताया जा रहा है।
पैर, हाथ से दर्द नहीं मिटा तो बेलन से करवाई मालिश
छात्राएं कभी पैरों से और कभी हाथों से मैडम की मसाज कर रही हैं। इतना ही नहीं, जब महिला का दर्द कम नहीं हुआ तो छात्रा से बेलन से भी मसाज करवाया। इस दौरान प्रधानाध्यापिका जमीन पर लेटकर मोबाइल चलाते हुए मसाज का लुत्फ लेती हुई नजर आई।
पढ़ाई के दौरान मालिश का वीडियो वायरल
घटना कथित तौर पर पढ़ाई के समय की बताई जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी और चिंता बढ़ गई है। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर आया, लोग इसके खिलाफ प्रतिक्रिया देने लगे। कई लोगों ने इसे शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला मामला बताया।
पढ़ाई की जगह मालिश से ग्रामीणों में आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल बच्चों को पढ़ाने और उनका भविष्य बनाने के लिए है, लेकिन इस तरह की घटनाएं शिक्षा के माहौल को खराब करती हैं। इस मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षिका के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही है।



