एल.एन.सी.टी. विश्वविद्यालय द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का सफल आयोजन


भोपाल। अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय परिसर में एल.एन.सी.टी. विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न जीवनोपयोगी एवं व्यक्तित्व विकास गतिविधियों का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान अग्निशमन (फायर फाइटिंग), प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), यातायात जागरूकता तथा डिजिटल फ्रॉड से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। अग्निशमन प्रशिक्षण श्री आर.एस. परिहार एवं उनकी टीम द्वारा दिया गया, जिसमें आग से बचाव और आपातकालीन स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों की जानकारी दी गई। प्राथमिक उपचार सत्र डॉ. सुरेन्द्र सिंह राजपूत एवं उनकी टीम द्वारा संचालित किया गया, जिसमें सीपीआर एवं अन्य आपातकालीन उपचारों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। यातायात जागरूकता कार्यक्रम में भोपाल पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल गिरीश सारस्वत एवं कॉन्स्टेबल देवेंद्र लोधी ने सड़क सुरक्षा नियमों एवं दुर्घटना से बचाव के उपायों की जानकारी दी। शिविर के अंतर्गत ग्राम मुगलिया में एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा “स्वच्छता ही सेवा” विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही, जेके अस्पताल की मेडिकल टीम द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें अनेक स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। इसके अतिरिक्त, 12 एमपी बटालियन के कंपनी कमांडर कैप्टन पीयूष नेमा द्वारा व्यक्तित्व विकास एवं डिजिटल जागरूकता पर प्रेरणादायक सत्र लिए गए, जिससे विद्यार्थियों को आत्मविकास की दिशा में नई प्रेरणा मिली। शिविर के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया, जिनमें तिया शर्मा एवं दीपांशु पांडे प्रमुख रहे। वरिष्ठ स्वयंसेवकों—अभिषेक दास, निकिता विश्वास, देवेंद्र सिंह, अभिषेक पांडे, राम कुमार शाह, अभिषेक राणे, नेहा बेलवंशी एवं अभिनव कुमार—को भी उनके सराहनीय योगदान हेतु सम्मानित किया गया। साथ ही, शिविर वरिष्ठ ऋषभ राज एवं राधा रानी झा को भी विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। यह सात दिवसीय विशेष शिविर विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ तथा समाज सेवा के प्रति उनकी जिम्मेदारी को और अधिक सुदृढ़ किया।
इस शिविर के सफलतापूर्वक आयोजन पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री जय नारायण चौकसे, सचिव डॉक्टर अनुपम चोकसे कुलगुरु डॉक्टर नरेंद्र कुमार थापक तथा कुल सचिव डॉ अजीत कुमार सोनी ने सभी स्वयंसेवकों को बधाई दी तथा सेवा के द्वारा उन्नति का मार्ग प्रशस्त करने पर बल दिया। कार्यक्रम अधिकारी कप्तान पीयूष नेमा तथा गर्ल्स सहायिका श्रीमती सुनीता शर्मा का इस शिविर आयोजन में विशेष योगदान रहा।

