खबरमध्य प्रदेश

अक्षय तृतीया व विवाह मुहूर्त शुरू होते ही बाजारों में लौटी रौनक

महंगाई के बावजूद व्यापार में तेजी, बस “बजट वेडिंग” बना नया ट्रेंड

भोपाल। 15 अप्रैल से अक्षय तृतीया के साथ ही विवाह मुहूर्त की शुरुआत होने जा रही है। शादी सीजन शुरू होते ही भोपाल के बाजारों में रौनक लौट आई है। महंगाई के बावजूद किराना, सर्राफा, बर्तन-क्रोकरी, इलेक्ट्रॉनिक, कपड़ा, फुटवियर और कैटरिंग सेक्टर में व्यापार सामान्य रूप से चलता नजर आ रहा है। हालांकि इस बार ग्राहकों की खरीदारी का तरीका बदल गया है और “बजट के अनुसार शादी” नया ट्रेंड बनकर उभरा है।
भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री एवं कैट के पूर्व प्रवक्ता विवेक साहू ने बताया कि अक्षय तृतीया और विवाह सीजन में सभी ट्रेड में बिजनेस बना हुआ है, लेकिन अंतर यह आया है कि लोग अब अपनी शादियां कम लोगों और सीमित व्यवस्थाओं में बजट के अनुसार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भोपाल में इस सीजन 1000 से अधिक शादियां होने की संभावना है।

किराना सामग्री के दाम 20% तक बढ़े
विवेक साहू ने आगे बताया कि शादियों में उपयोग होने वाले किराना सामानों के दामों में करीब 20% तक का इजाफा हुआ है। ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध की वजह से तेलों के दाम आसमान छू रहे हैं। वहीं दाल, चावल, घी, दूध, पनीर, ड्राई फ्रूट्स, पैकिंग आइटम सहित लगभग सभी सामग्री के रेट बढ़े हैं।

बर्तन-क्रोकरी में भी बढ़े रेट, फिर भी मांग बरकरार
बर्तन एवं क्रोकरी व्यापारी दीपक हयाराण एवं संदीप ताम्रकार ने बताया कि 15 अप्रैल से अक्षय तृतीया के साथ शादी का सीजन शुरू होने वाला है। बिटियाओं को उपहार में दिए जाने वाले बर्तनों के रेट में 5 से 10 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। वहीं क्रोकरी चूंकि अधिकांशतः प्लास्टिक से बनती है, इसलिए इसके दामों में 30 से 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखने को मिली है। इसके बावजूद शादी सीजन में व्यापार बना हुआ है, बस ग्राहक अब कम मात्रा में और बजट के अनुसार सामान ले रहे हैं।

सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की महंगाई से खरीदारी घटी
सर्राफा व्यापारी नवनीत अग्रवाल ने बताया कि सोना-चांदी के दाम बढ़ने से इस सीजन खरीदारी में कमी आई है। अब लोग केवल दुल्हन के आवश्यक गहनों तक ही खरीदारी सीमित रख रहे हैं। साथ ही आर्टिफिशियल ज्वेलरी कम कीमत में आकर्षक रूप में उपलब्ध होने से भी सोने-चांदी के व्यापार पर असर पड़ा है मध्यप्रदेश सराफा गलई संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुधीर माने ने बताया कि युद्ध के कारण कमर्शियल गैस की उपलब्धता प्रभावित हो रही है, जिससे मनपसंद गहने बनाने में परेशानी आ रही है। क्योंकि गहनों की डिजाइन तभी तैयार होती है जब सोने-चांदी को पूरी तरह गला कर उसे शेप दी जाती है।

कैटरिंग में मेनू बदला, गैस की कमी बनी बड़ी समस्या
कैटरिंग संचालक विशाल सोनी एवं बबलू कौशिक ने बताया कि गैस सिलेंडर की कमी के कारण मेनू में बदलाव करना पड़ रहा है। तवा रोटी की जगह तंदूरी रोटी को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं ऐसे आइटम बनाने से परहेज किया जा रहा है जिनमें गैस की खपत ज्यादा होती है। साउथ इंडियन डिशेज की जगह अब चाइनीस आइटम ज्यादा रखे जा रहे हैं क्योंकि ये माइक्रोवेव से आसानी से तैयार हो जाते हैं।

फुटवियर बाजार में लेदर शूज और शेरवानी सैंडल की धूम
फुटवियर संगठन के अध्यक्ष अजय पवार ने बताया कि जूता ऐसा आभूषण है जिसके बिना शादी संभव नहीं। इस बार फुटवियर मार्केट सामान्य रूप से अच्छा चल रहा है। लेदर शूज की डिमांड अधिक है, दूल्हों के लिए स्पेशल शेरवानी सैंडल और दुल्हनों के लिए हाई हील सैंडल की मांग लगातार बनी हुई है।

इलेक्ट्रॉनिक बाजार में गर्मी और शादी दोनों ने बढ़ाई मांग
इलेक्ट्रॉनिक विक्रेता संजय साहू एवं सुनील साहू (मोबाइल) ने बताया कि प्लास्टिक और उपकरणों के दाम बढ़ने से उपहार में दी जाने वाली वस्तुओं के दाम भी बढ़ गए हैं। गर्मियों के चलते एसी, कूलर, फ्रिज, टीवी के साथ-साथ गैस चूल्हे और माइक्रोवेव की मांग में भी तेजी आई है।

रेडीमेड कपड़ों में डिजाइनर ट्रेंड हावी
रेडीमेड कपड़ा व्यापारी राकेश अग्रवाल जी साहब ने बताया कि शादियों के सीजन में कपड़ों की मांग काफी अच्छी बनी हुई है। हालांकि 10 से 20 प्रतिशत तक दाम बढ़े हैं, लेकिन खरीदारी में कमी नहीं आई है। इस बार डिजाइनर कपड़ों की डिमांड सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है।
कुल मिलाकर बाजार में उत्साह, लेकिन खरीदी सीमित
महंगाई के बावजूद भोपाल में शादी सीजन को लेकर बाजारों में उत्साह बना हुआ है। फर्क सिर्फ इतना है कि ग्राहक अब दिखावे से ज्यादा जरूरत और बजट को प्राथमिकता दे रहे हैं। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में विवाह मुहूर्त बढ़ने के साथ व्यापार में और तेजी आने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button