मानवता की सेवा: भीषण गर्मी में ‘उम्मीद’ के दीप जला रहा भारत भारती संस्कार जैन मंडल : नीता सर्राफ महिला मंडल



विदिशा। सेवा और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए नीता सर्राफ महिला मंडल द्वारा भीषण गर्मी के इस दौर में जीव-दया और जन-सेवा के प्रकल्प निरंतर चलाए जा रहे हैं। मंडल द्वारा पिछले 19 वर्षों से जल सेवा का पुनीत कार्य किया जा रहा है, जो इस वर्ष भी पूरी भव्यता के साथ जारी है। मल्टीपल एवं डिस्ट्रिक्ट सह-मल्टीमीडिया प्रभारी लायन अरुण कुमार सोनी ने बताया कि मंडल प्रमुख नीता सर्राफ के नेतृत्व में चैत्र नवरात्रि, गुड़ी पड़वा और महावीर जयंती से शुरू हुआ यह सेवा अभियान ‘मदर्स डे’ तक निरंतर संचालित किया जा रहा है।
1400 जल पात्रों का वितरण
भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए मंडल द्वारा व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक 400 मिट्टी के और 1000 प्लास्टिक के जल पात्र (सकोरे) आम जनमानस को वितरित किए जा चुके हैं, ताकि लोग इन्हें अपने घरों की छतों और बागीचों में टांग सकें।
दिव्यांग बच्चों और स्कूलों को कूलर-पंखों की सौगात
गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से मंडल ने विभिन्न संस्थाओं में ठंडक की व्यवस्था की है:
उम्मीद शिक्षण संस्था, विदिशा: यहाँ अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के लिए पंखों का वितरण किया गया।
शासकीय प्राथमिक सिंधी शाला (खाई रोड): स्कूल में बच्चों की सुविधा हेतु कूलर भेंट किया गया।
गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल (ग्राम बागड़ी): विदिशा से 12 किमी दूर स्थित इस विद्यालय में भी कूलर प्रदान किया गया।
जन्मदिवस को बनाया सेवा का माध्यम
यह समस्त सामग्री बेबी प्रांसी, बेबी कायरा और मास्टर अरिंजय के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में वितरित की गई, जो समाज को यह संदेश देती है कि पारिवारिक खुशियों को सेवा कार्यों के साथ मनाना ही वास्तविक आनंद है। मंडल प्रमुख नीता सर्राफ ने सहयोग के लिए रजित खोसला, विवेक सराफ, अतिशय सर्राफ, श्रीमती असमीना विनी, श्रीमती पारस और श्रीमती महक का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर नीता सर्राफ के साथ विद्युत जैन, सपना जैन, नीतू जैन, संध्या जैन, नम्रता सर्राफ, पिंकी जैन, सीमा जैन, आरती सिंघई, मीना जैन, रश्मि जैन, विभा जैन, कामिनी जैन, शालु जैन सहित मंडल की सभी सदस्य उपस्थित रहीं।



