गंगा सप्तमी पर जागा जल संरक्षण का जनसंकल्प
भोपाल में “निर्मल गंगा जन अभियान” से गूंजा खटलापुरा घाट



भोपाल। पावन पर्व गंगा सप्तमी के अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में “निर्मल गंगा जन अभियान (भागीरथी जलाभिषेक)” के अंतर्गत जल स्वच्छता, संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अभियान में गायत्री परिवार भोपाल के जिला, तहसील, नवचेतना केंद्र, महिला मंडल, युवा मंडल एवं प्रज्ञा मंडल के परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के तहत खटलापुरा घाट स्थित मंदिर एवं छोटा तालाब परिसर में माँ गंगा कलश का विधिवत पूजन-अर्चन स्थानीय पंडित जी की उपस्थिति में किया गया। इसके साथ ही जल शुद्धि, तट शुद्धि एवं व्यापक स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। उपस्थित परिजनों ने जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
यह कार्यक्रम प्रातः 8:00 बजे से 9:30 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर गायत्री परिवार ने स्वच्छता कर्मी भाइयों, बहनों का स्वागत अभिनंदन किया
इस संबंध में जिला जल एवं पर्यावरण अभियान सदस्य श्री राम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखना, जल का सदुपयोग सुनिश्चित करना तथा समाज में जल के महत्व के प्रति व्यापक जनजागरण करना है।





