राजा भोज एयरपोर्ट एडवाइज़री कमेटी की बैठक आज
नागरिक सुझावों सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे मनोज मीक
राजा भोज एयरपोर्ट, भोपाल की सुविधाओं, एयर-कनेक्टिविटी और यात्री अनुभव को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से भोपाल विमानतल सलाहकार समिति की बैठक कल 30 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित है। बैठक माननीय सांसद एवं समिति अध्यक्ष आलोक शर्मा की अध्यक्षता में होगी। समिति सदस्य एवं ‘कमाल का भोपाल’ अभियान के फाउंडर मनोज सिंह ‘मीक’ बैठक में नागरिकों से प्राप्त अनेकों महत्वपूर्ण सुझावों सहित एक संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। इसमें विमानतल की सुविधाओं, नई उड़ानों, यात्री सुविधा, एयरपोर्ट पहुंच मार्ग, स्वच्छता, स्थानीय पहचान, डिजिटल सूचना व्यवस्था और भोपाल की ब्रांडिंग से जुड़े प्रमुख बिंदु शामिल किए गए हैं।
मनोज मीक ने कहा कि विगत बैठक में नागरिकों से मिले सुझावों पर सकारात्मक कार्यवाही हुई है, जिससे नागरिक सहभागिता का महत्व और स्पष्ट हुआ है। उन्होंने कहा कि राजा भोज एयरपोर्ट यात्रियों की सुविधा के केंद्र के साथ राजधानी भोपाल की पहली छवि भी दर्शाता है। इसलिए इसे राजधानी की गरिमा, संस्कृति और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना सामूहिक जिम्मेदारी है।


