225 रन बनाकर भी हार गए, रियान पराग ने कहा- हम मिडिल ओवर्स में कहीं बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे


जयपुर: सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 43वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से शिकस्त देकर प्लेऑफ की रेस को और रोमांचक बना दिया है। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था लेकिन दिल्ली के बल्लेबाजों ने इस लक्ष्य को बौना साबित कर दिया। इस जीत के साथ दिल्ली छठे स्थान पर पहुंच गई है जबकि हार के बावजूद राजस्थान चौथे पायदान पर टिकी हुई है।
रियान पराग ने दिया बड़ा बयान
मैच के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग अपनी टीम के प्रदर्शन से थोड़े निराश नजर आए। पराग ने माना कि बल्लेबाजी में स्कोर पर्याप्त था लेकिन गेंदबाजी में अनुशासन की कमी खली। उन्होंने हार के बाद कहा, ‘मुझे लगता है कि हमारा स्कोर अच्छा था। यहां 200 रन पार स्कोर माना जाता है। पिच थोड़ी धीमी होने वाली थी लेकिन मेरा मानना है कि हम मिडिल ओवर्स में कहीं बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे। हमने उन्हें खेल में हावी होने का मौका दिया और एक ही ओवर में कई बाउंड्री खर्च कीं जो बार-बार दोहराया गया। हम यहीं चूक गए।’
इस फैसले पर उठ रहे सवाल
रणनीति के मोर्चे पर रियान पराग ने डोनोवन फरेरा से ऊपर रविंद्र जडेजा को भेजने के फैसले का बचाव किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फैसला दाएं-बाएं हाथ के संयोजन को ध्यान में रखकर लिया गया था। पराग ने बताया, ‘जब करीब आठ-नौ ओवर बाकी थे तब हम फिनिशर के आने में थोड़ी देरी करना चाहते थे। हमारी योजना स्पिनरों के खिलाफ 8-9 रन प्रति ओवर बनाने की थी ताकि बाद में तेज गेंदबाजों का सामना पहली ही गेंद से आक्रामक तरीके से किया जा सके। बस यही योजना थी इससे ज्यादा सोचने वाली बात नहीं है।
अपनी फिटनेस पर भी दिया अपडेट
रियान पराग ने अपनी फिटनेस को लेकर भी अपडेट दिया जिससे फैंस की चिंता थोड़ी बढ़ गई है। उन्होंने अपनी हैमस्ट्रिंग की चोट की ओर इशारा करते हुए कहा कि उम्मीद है कि यह गंभीर नहीं है लेकिन अच्छी बात यह है कि टीम के पास अब एक हफ्ते का लंबा ब्रेक है जिसमें वे रिकवरी कर सकेंगे। पराग ने अपनी 90 रनों की शानदार व्यक्तिगत पारी पर बात करते हुए कहा कि टीम की हार के बाद ऐसे आंकड़ों का कोई मोल नहीं रह जाता।



