आरएनटीयू में 7वीं राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप का आगाज, प्रदेश के 500 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
आरएनटीयू में योगासन का महाकुंभ शुरू, तीन दिन तक प्रदेश के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) में शनिवार को 7वीं राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप 2026 का शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय और मध्य प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 500 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता 14 से 16 नवंबर तक विश्वविद्यालय परिसर स्थित शारदा ऑडिटोरियम में आयोजित की जा रही है।
उद्घाटन समारोह में मध्य प्रदेश योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में श्री वेद प्रकाश शर्मा और श्री दिनेश सिंह ठाकुर शामिल हुए। विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
मुख्य अतिथि डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए योग और खेल के आपसी संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि अनुशासन, एकाग्रता और जीवन जीने की कला है। योगासन को खेल के रूप में अपनाकर युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
विशिष्ट अतिथि श्री वेद प्रकाश शर्मा और श्री दिनेश सिंह ठाकुर ने भी योग के महत्व और खेल भावना पर अपने विचार रखे। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं। सभी प्रतिभागियों को आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए।
चार विधाओं में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। जूनियर वर्ग में 14 से 18 वर्ष तथा सीनियर वर्ग में 18 से 28 वर्ष के प्रतिभागी शामिल हैं। इसके अलावा सीनियर ए, बी और सी वर्गों में भी मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रतियोगिता के अंतर्गत ट्रेडिशनल योगासन, आर्टिस्टिक सिंगल, आर्टिस्टिक पेयर और रिदमिक पेयर विधाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इन मुकाबलों में योगासन की शारीरिक दक्षता, संतुलन, लय और कलात्मक प्रस्तुति का प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संकाय के योग विभाग द्वारा किया जा रहा है। समापन अवसर पर योग विभागाध्यक्ष डॉ. रत्नेश पाण्डेय ने अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों और आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में खेल भावना और योग के प्रति उत्साह का माहौल देखने को मिला।


