मध्य प्रदेश

दिल्ली से पारिवारिक समारोह में आए मसीह परिवार की खुशियां मातम में बदलीं; नानी, बेटी और 4 साल के मासूम की डूबने से मौत

जबलपुर। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से पारिवारिक समारोह में भाग लेने के लिए जबलपुर पहुंचे दिल्ली कैंट निवासी मसीह परिवार को शायद इस बात का अहसास नहीं था कि वे जिस सफर पर निकल रहे हैं, वह परिवार के तीन सदस्यों के लिए आखिरी सफर साबित होगा। बरगी डैम में क्रूज के डूबने से मसीह परिवार की सदस्य मरीना (39 वर्ष), बेटा त्रिशान (4 वर्ष) और नानी मधुर मसीह (66 वर्ष) की मौत हो गई।

छह सदस्य विमान से जबलपुर पहुंचे थे

नईदुनिया से बातचीत करते हुए दिल्ली निवासी विनोद कुमार और स्थानीय स्वजन प्रिजा ने बताया कि बुधवार को ही परिवार के छह सदस्य विमान से जबलपुर पहुंचे थे और वे स्थानीय तिलहरी निवासी संगीता के यहां ठहरे थे। जहां उन्होंने बुधवार को पारिवारिक कार्यक्रम में भाग लिया और अगले दिन गुरुवार को दिल्ली से जबलपुर आया परिवार बरगी डैम पहुंचा और क्रूज से सैर शुरू की ही थी कि अचानक आई आंधी में क्रूज डूबने लगा। परिवार जब तक संभल पाता, मरीना, त्रिशान और मधुर डूब गए। तीन अन्य सदस्य सुरक्षित बचने में सफल रहे।

नाना-नानी के साथ निकला था परिवार

जानकारी के अनुसार नाना जूलियस, नानी मधुर के साथ उनकी बेटी मरीना, दामाद प्रदीप कुमार (मरीना के पति), नाती त्रिशान और नातिन सिया दिल्ली से चले थे। सभी की योजना कुछ दिन जबलपुर में रुककर घूमने की थी, लेकिन बरगी डैम में क्रूज डूबने से मरीना, उनकी मां मधुर और त्रिशान की मौत हो गई। वहीं प्रदीप कुमार अपनी बेटी सिया और ससुर जूलियस के साथ सुरक्षित बच गए।

परिवार दिल्ली रवाना, शव आज एयरलिफ्ट होंगे

इस बीच प्रदीप कुमार की तिलहरी निवासी बहन संगीता और अन्य स्वजन शुक्रवार को विमान से दिल्ली रवाना हो गए हैं। संगीता के अनुसार तीनों पार्थिव देह शनिवार सुबह एयरलिफ्ट कर दिल्ली भेजी जाएंगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button