खेल

चेन्नई ने मुंबई को रौंदा, कार्तिक शर्मा ने CSK के लिए बनाया खास रिकॉर्ड

अंशुल कंबोज की अगुवाई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के बाद ऋतुराज गायकवाड़ और कार्तिक शर्मा की धमाकेदार बल्लेबाजी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने मुंबई इंडियंस पर आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की। शनिवार को चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने नमन धीर की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में सीएसके ने 18.1 ओवर में दो विकेट पर 160 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। मुंबई के लिए बुमराह और गजनफर ने एक-एक विकेट हासिल किया। चेन्नई की यह मुंबई पर मौजूदा सत्र की दूसरी जीत है। इससे पहले ऋतुराज की टीम ने मुंबई इंडियंस को वानखेड़े स्टेडियम में 103 रनों से हराया था। वहीं, 2023 के बाद से चेन्नई ने मुंबई के खिलाफ सात में से छठी बार जीत दर्ज की। अंक तालिका में चेन्नई आठ अंक और 0.005 नेट रन रेट के साथ छठे पायदान पर पहुंच गई। वहीं, मुंबई लगातार तीन मुकाबलों में शिकस्त के साथ नौवें स्थान पर है।

गायकवाड़ और कार्तिक ने दिलाई चेन्नई को जीत
चेन्नई को दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर संजू सैमसन के रूप में बड़ा झटका लगा। संजू नौ गेंदों में महज 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने उर्विल पटेल के साथ 22 गेंदों में 49 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 62 के स्कोर तक पहुंचाया।

उर्विल 12 गेंदों में दो छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद गायकवाड़ ने कार्तिक शर्मा के साथ 75 गेंदों में 98 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई। गायकवाड़ 48 गेंदों में दो छक्कों और पांच चौकों के साथ 67 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कार्तिक शर्मा ने 40 गेंदों में तीन छक्कों और चार चौकों के साथ 54 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से जसप्रीत बुमराह और एएम गजनफर ने एक-एक विकेट हासिल किया।

कार्तिक शर्मा ने बनाया नया रिकॉर्ड
कार्तिक ने इस मुकाबले में बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह चेन्नई के लिए आईपीएल  में अर्धशतक बनाने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 20 साल छह दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया। इससे पहले आयुष म्हात्रे ने 17 साल 291 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button