भोपाल जिला शिक्षा कार्यालय में तृतीय श्रेणी कर्मचारी पर अनियमितताओं के आरोप, संरक्षण पर उठे सवाल


भोपाल के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ एक तृतीय श्रेणी कर्मचारी श्री सी. जे. जॉयसन से जुड़ा मामला इन दिनों चर्चा में है, जिसमें गंभीर प्रशासनिक अनियमितताओं और कथित संरक्षण के आरोप सामने आए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 2 मार्च को संबंधित कर्मचारी को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से कार्यमुक्त कर शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरखेड़ा भेल, भोपाल में पदस्थ किया गया था। इसके बावजूद उन्होंने अब तक नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। आरोप है कि उक्त कर्मचारी अब भी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय (नवीन भवन) में अनियमित रूप से, विशेषकर शाम 6 बजे के बाद, कार्यालयीन गतिविधियों में संलग्न पाए जाते हैं। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। इसके अतिरिक्त, शिक्षा सदन के पुराने भवन के पास स्थित छात्रावास, जहां छात्राएं निवास करती हैं, वहां भी संबंधित कर्मचारी को सुबह एवं शाम 6 बजे के बाद अपने साथियों के साथ देखा जाना बताया जा रहा है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार अहिरवार को भी जानकारी होने की बात कही जा रही है। सूत्रों के अनुसार, संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कई शिकायतें एवं सूचना का अधिकार (RTI) के आवेदन लंबित हैं। साथ ही, इस प्रकरण की जांच संभागायुक्त कार्यालय में पिछले एक वर्ष से लंबित बताई जा रही है, जिस पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस मामले में प्रशासनिक पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने हेतु संबंधित कर्मचारी को भोपाल जिले से हटाने की मांग उठाई जा रही है, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके और जनविश्वास कायम रहे।


