भोपाल में 31 मई को होगा विशेष नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम

भोपाल। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा संचालित “नशा मुक्ति अभियान” के अंतर्गत 31 मई को भोपाल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को नशामुक्त, स्वस्थ एवं संस्कारित बनाने हेतु व्यापक जनजागरण करना है।
कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान शांतिकुंज प्रतिनिधि एवं राष्ट्रीय प्रभारी के.पी. दुबे गायत्री शक्तिपीठ, भोपाल पहुँचे, जहाँ उन्होंने आयोजन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन के माध्यम से युवाओं एवं समाज को नशे से दूर रहने तथा सकारात्मक एवं संस्कारित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।। इस अवसर पर जोन समन्वयका श्री राजेश पटेल ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्षेत्रीय लोगों से पहुंचने का आवाहन किया।
कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर सायं 6:00 बजे गायत्री शक्तिपीठ, भोपाल में कार्यकर्ताओं द्वारा मशाल जलाकर एकजुटता एवं संकल्प का प्रदर्शन किया गया। यह आयोजन समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से किया गया।
31 मई को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में विशाल जनजागरण रैली, मानव श्रृंखला एवं नशामुक्ति संकल्प जैसे विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता रहेगी।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, परिजनों एवं नागरिकों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
गायत्री परिवार के अनुसार, इस अभियान के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य, संस्कार एवं सकारात्मक चेतना के प्रसार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।



