खबरदेश

75 लाख से बनवाया घर, बेटे-बहू ने कब्जा कर किया बेघर

बुजुर्ग दंपती ने CM योगी से की भावुक अपील

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक बुजुर्ग दंपत्ति का भावुक वीडियो सामने आया है। वीडियो में बुजुर्ग दंपत्ति हाथ जोड़कर अपने बेटे और बहू पर दबंगई के दम पर मकान कब्जाने और उन्हें घर से निकालने का आरोप लगा रहे हैं। दंपत्ति का कहना है कि पिछले साढ़े चार साल से वे किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं, जबकि जिस घर को उन्होंने अपनी जिंदगी की कमाई से बनवाया था, उस पर अब उनका कब्जा नहीं है। पीड़ित दंपत्ति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाते हुए वीडियो जारी किया है।

75 लाख खर्च कर बनवाया था मकान

यह मामला आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र के ककुआ गांव स्थित क्रिस्टल सिटी कॉलोनी का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में बुजुर्ग दंपत्ति ने दावा किया कि उन्होंने प्लॉट संख्या 128 पर करीब 75 लाख रुपये खर्च कर मकान बनवाया था। उनका आरोप है कि बेटे और बहू ने दबंगई और माफियागिरी के दम पर मकान पर कब्जा कर लिया और उन्हें घर से बाहर निकाल दिया।

दंपत्ति का कहना है कि जब उन्हें घर से निकाला गया, उस समय पत्नी ब्रेन हेमरेज से पीड़ित थीं और बिस्तर से उठ भी नहीं पाती थीं। ऐसी हालत में उन्हें किराए के मकान में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा।

बेटे के गुजरात में रहने की बात

मामले को लेकर थाना मलपुरा प्रभारी राजेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि दंपत्ति का बेटा गुजरात में रहता है और यह मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि चार साल पहले बुजुर्ग दंपत्ति ने थाने में शिकायत की थी। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस दंपत्ति की वर्तमान लोकेशन और अन्य जानकारी जुटाने में लगी है।

पुलिस के अनुसार पूर्व में मिली जानकारी में सामने आया था कि संबंधित प्लॉट पुत्रवधु के नाम पर है और मकान का निर्माण भी उसी के माध्यम से कराया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि वीडियो गुरुवार रात वायरल हुआ, जिसके बाद मामले की दोबारा जांच शुरू की गई है।

7 बार पुलिस जांच का दावा

बुजुर्ग दंपत्ति ने दावा किया है कि उन्होंने इस मामले में सात बार शिकायत दी और पुलिस ने सात बार जांच आख्या तैयार की। दंपत्ति के मुताबिक पहली शिकायत 30 दिसंबर 2021 को की गई थी। इसके बाद 3 जनवरी 2022, 13 जून 2022 और 30 जून 2023 समेत कई तारीखों पर शिकायतें दर्ज कराई गईं।

दंपत्ति का कहना है कि पुलिस जांच में यह साबित हो चुका है कि मकान उन्होंने अपनी कमाई से बनवाया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिला। उन्होंने यह भी दावा किया कि मामले से जुड़े 14 साक्ष्य पुलिस को सौंपे गए हैं।

CM योगी से बुल्डोजर कार्रवाई की मांग

वीडियो में बुजुर्ग दंपत्ति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक्स अकाउंट को टैग करते हुए मकान पर बुल्डोजर कार्रवाई कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई न करने और शिकायतों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। हालांकि थाना प्रभारी राजेंद्र वशिष्ठ का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि चार साल पहले शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन इसके बाद दंपत्ति दोबारा थाने नहीं आए। पुलिस अब उनके पते और अन्य जानकारी जुटाने में लगी है और जल्द ही मामले का निस्तारण करने की बात कह रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button