महाराणा प्रताप एवं महाराजा छत्रसाल जयंती पर वीर रस काव्य गोष्ठी एवं साहित्यकार सम्मान समारोह आयोजित


भोपाल, 17 जून।* अखिल भारतीय कला मंदिर संस्था, भोपाल द्वारा साहित्यकार पार्क भवन निर्माण में मध्यप्रदेश शासन के अवदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए महाराणा प्रताप एवं महाराजा छत्रसाल जयंती के अवसर पर वीर रस काव्य गोष्ठी एवं साहित्यकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग अंतर्गत साहित्य अकादमी द्वारा सम्मान हेतु चयनित भोपाल के साहित्यकारों का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री डॉ. विश्वास कैलाश सारंग ने अपने उद्बोधन में साहित्यकारों से साहित्य को राष्ट्रीय भावना से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने सम्मानित साहित्यकारों को बधाई देते हुए राष्ट्रहित में सृजन करने का आग्रह किया तथा साहित्यकार पार्क के विकास हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. साधना बलवटे ने महाराणा प्रताप एवं महाराजा छत्रसाल के आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके शौर्य, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के हित में कार्य करने का संदेश दिया।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. गौरीशंकर शर्मा ‘गौरीश’ ने स्वागत भाषण देते हुए साहित्यकार पार्क की भावी कार्ययोजना पर प्रकाश डाला तथा मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी द्वारा सम्मान हेतु चयनित सभी साहित्यकारों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में कला मंदिर संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष श्री हरिवल्लभ शर्मा ‘हरि’, उपाध्यक्ष डॉ. प्रभात पाण्डेय तथा सचिव श्री व्ही. के. श्रीवास्तव सहित संस्था के पदाधिकारी, प्रदेश के अनेक साहित्यकार, कवि एवं बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री आदित्य हरी गुप्ता ने किया।
वीर रस काव्य गोष्ठी में कवियों ने महाराणा प्रताप एवं महाराजा छत्रसाल के अद्वितीय शौर्य, राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान तथा मातृभूमि के प्रति समर्पण को स्वर देते हुए प्रभावशाली काव्य पाठ प्रस्तुत किए। काव्य गोष्ठी ने उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति और गौरव का भाव जागृत कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, साहित्यकारों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया
