भोपाल में बुर्के में योग करती दिखीं मुस्लिम महिलाएं, फिटनेस और स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश


भोपाल, 20 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर ईदगाह हिल्स स्थित परिसर में मुस्लिम महिलाओं द्वारा योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया और स्वास्थ्य, जागरूकता तथा सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर शकिला ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए महिलाओं से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
धर्म सेवा समिति के राकेश कुकरेजा ने कहा कि “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सशक्त समाज के निर्माण का प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए।”
संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारी भगवान दास ढालिया ने कहा कि “मुस्लिम महिलाओं द्वारा योग दिवस की पूर्व संध्या पर किया गया यह योगाभ्यास सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और स्वस्थ भारत के संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है।”
सुरैया बाजी ने कहा कि योग मानव जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है तथा नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। उन्होंने महिलाओं से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने तथा नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।