भगवान श्री झूलेलाल चालीहा साहिब महापर्व का शुभारंभ, सांसद एवं महापौर ने महाआरती मे सम्मिलित होकर भोपाल, प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और सर्वकल्याण की कामना की।

भोपाल। नानक टेकरी सिंधी पंचायत के तत्वावधान में कम्युनिटी हॉल स्थित भगवान श्री झूलेलाल जी की प्रतिमा के समक्ष 40 दिवसीय पूज्य चालीहा साहिब महापर्व का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ हुआ। महापर्व के प्रथम दिवस पर भगवान श्री झूलेलाल जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं महाआरती संपन्न हुई, जिसमें भोपाल सांसद श्री आलोक शर्मा एवं महापौर श्रीमती मालती राय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री राकेश कुकरेजा, वार्ड पार्षद श्रीमती सरोज हरिओम आसेरी, श्री भगवान दास ढालिया सहित सिंधी समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सांसद श्री आलोक शर्मा ने कहा कि चालीहा साहिब महापर्व सिंधी समाज की आस्था, संस्कृति, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व श्रद्धा, तप एवं अनुशासन के माध्यम से समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करता है।
महापौर श्रीमती मालती राय ने कहा कि भगवान श्री झूलेलाल जी का संदेश मानवता, सद्भाव, सेवा और भाईचारे का संदेश है। ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करते हैं तथा समाज में संस्कार एवं आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए सिंधी समाज एवं आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्री झूलेलाल जी की आराधना कर भोपाल, प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और सर्वकल्याण की कामना की। महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं एवं युवा श्रद्धापूर्वक उपस्थित रहे।


